अर्पिता के घर से 50 करोड़ मिले …? जयललिता के यहां 10 हजार साड़ियां-750 जोड़ी जूते मिले थे, शशिकला के पास मिली 1600 करोड़ की संपत्ति

मिडिल क्लास फैमिली से ताल्लुक रखने वाली अर्पिता मुखर्जी इन दिनों चर्चा में हैं। उनके कोलकाता के दो फ्लैट से 50 करोड़ से ज्यादा नकद मिल चुके हैं। इसके अलावा ED ने उसके घर से 5 किलो सोना भी जब्त किया है। एक समय एक्टिंग में हाथ आजमाने वाली अर्पिता मुखर्जी पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री रहे पार्थ चटर्जी की करीबी थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने ये संपत्ति शिक्षक भर्ती घोटाले से जुटाए थे। अर्पिता मुखर्जी के घर से ED को इतने कैश मिले कि उन्हें गिनने में कई दिन लगे।

यह पहला मौका नहीं है जब सत्ता-सरकार से जुड़ी पावरफुल महिलाओं के घर से अकूत संपत्ति मिली हैं। नेता से लेकर अफसर और उनकी करीबियों के घर से कई बार बड़े रकम बरामद हो चुके हैं।

पूछताछ में अर्पिता ने बताया कि पार्थ चटर्जी उसके घर का इस्तेमाल मिनी बैंक की तरह करते थे।

जयललिता के घर मिले थे 29 किलो सोना, 800 किलो चांदी

तमिलनाडु की मुख्यमंत्री रहीं जयललिता के घर 1997 में एक रेड में 29 किलो सोना, 800 किलो चांदी, 10 हजार से अधिक साड़ियां, 91 कीमती घड़ियाँ और 750 जोड़ी जूते मिले थे। जयललिता पर आरोप थे कि उन्होंने ये संपत्ति बतौर मुख्यमंत्री 1991-96 के अपने पहले कार्यकाल में बनाई थी। तब रेड में मिली कुछ संपत्ति की कीमत 67 करोड़ आंकी गई थी। इसको लेकर जयललिता को जेल भी जाना पड़ा था।

आय से अधिक संपत्ति मामले में कोर्ट के आदेश के बाद जयललिता को अपना मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा था।

शशिकला की 1600 करोड़ की संपत्ति कुर्क हुई थी

तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता की करीबी रहीं शशिकला के ठिकानों पर आयकर विभाग का छापा पड़ा था। उनके 187 ठिकानों से आयकर विभाग को 1600 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति का पता चला। शशिकला इन संपत्तियों का कोई स्रोत नहीं बता पाईं। जिसके बाद पूरी संपत्ति को कुर्क कर लिया गया। इस दौरान शशिकला और उनके रिश्तेदारों की 100 से भी ज्यादा फर्जी कंपनियां भी पाई गई थीं।

जयललिता के मुख्यमंत्री रहते हुए शशिकला उनकी प्रमुख सहयोगी थीं। कहा जाता है कि इस दौरान उन्होंने अकूल दौलत जमा कर ली।

शशिकला के तीन राज्यों में फैले 187 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी के लिए आयकर विभाग के 1800 अफसर-कर्मचारी लगे थे।

महिला IAS के घर से मिला था 19 करोड़ कैश

कुछ समय पहले ही झारखंड में महिला IAS पूजा सिंघल के घर रेड पड़ी थी। रेड में ED को उनके घर से 19 करोड़ रुपए कैश मिले। इसके अलावा दूसरी कई कीमती संपत्तियों के कागजात भी बरामद हुए थे। जिसके बाद पूजा सिंघल को सस्पेंड कर जेल भेज दिया गया।

2000 बैच की IAS ऑफिसर पूजा सिंघल ने सबसे कम उम्र में UPSC पास करने का रिकार्ड बनाया था। लेकिन नौकरी में आने के उन पर घोटाले के आरोप लगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक ये संपत्ति उन्होंने खनन माफियाओं के साथ मिलकर बनाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *