सही पढ़ने के लिए चुनें सही किताबें …? पहले अपनी पसंद को जानें, उसके बाद इन तरीकों को भी आजमा लें

  • पढ़ने के लिए पुस्तकें अब सहज उपलब्ध हैं, परंतु उनमें से अपने लिए चुनाव करना काफ़ी मुश्किल हो गया है। ऐसे में ये सुझाव आपकी मदद करेंगे।

किताब ख़रीदते वक़्त आप यही सोचते हैं कि वह आपकी उम्मीदों के अनुरूप होगी। जब पढ़ते हैं तो कई बार वह मनमुताबिक़ होती है तो कभी शीर्षक से ठीक उलट निकल जाती है। नतीजतन अगली बार जब नई किताब ख़रीदने का विचार कर रहे होते हैं तो सही चुनाव कर पाना आपके लिए और भी मुश्किल हो जाता है। किताब की डिज़ाइन, तस्वीर और शीर्षक से अंदाज़ा लगा पाना मुश्किल होता है कि वह आपकी पसंद से मिलती-जुलती है भी या नहीं। लिहाज़ा कुछ तरीक़ों से सही और पसंद की किताब चुन सकते हैं।

किताब का फ्लैप पढ़ें

अगर आप दुकान या प्रदर्शनी में किताब खोज रहे हैं तो जो पुस्तक आपको आकर्षक नज़र आए उसे उठा लें। किताब के पीछे का कवर पढ़ें, जिसमें आप जान सकेंगे कि यह किस विषय पर आधारित है और आपकी दिलचस्प की है या नहीं। फ्लैप पर लिखा संक्षेप पढ़ने में आकर्षक लग रहा है तो किताब खोलें और उसका पहला पन्ना पढ़ें। यदि मुमकिन हो तो दो-चार पन्ने पढ़कर देखें ताकि किताब की भाषा और लेखन शैली समझ में आए। अगर पढ़ने में अच्छी लग रही है तो इसे चुन सकते हैं। यदि किताब ऑनलाइन ख़रीद रहे हैं तो उसमें भी पुस्तक विवरण पढ़कर सही चुनाव कर सकते हैं। कुछ ऑनलाइन किताबों का पहला अध्याय मुफ़्त होता है जिसे पढ़कर पुस्तक की विषयवस्तु जान सकते हैं।

सही लेखक का चुनाव

यदि लेखक का चुनाव करने में समस्या हो रही है तो उनकी किताबें पढ़ें जो प्रसिद्ध हैं। लोकप्रिय लेखकों की पुस्तकें आमतौर पर उबाऊ नहीं होतीं। इसकी सूची इंटरनेट पर आसानी से मिल जाएगी। इनमें से जो विषय आपको पसंद आए उसके बारे में थोड़ा खोजें और फिर ख़रीदें।

पसंद को महत्व दें

कुछ लोग दूसरों को देखकर पुस्तक का चयन करते हैं। परंतु किताब का विषय हमेशा वही चुनें जिसमें आपकी दिलचस्पी हो। किसी को देखकर अपनी पसंद तय नहीं करें। इसी तरह जो भाषा आपको सहज लगती है उसी में किताब पढ़ें। दिखावे के लिए या दूसरों की देखा-देखी भाषा न चुनें। पसंद की भाषा होगी तो किताब पढ़ने में दिलचस्पी बनी रहेगी।

रिव्यू ज़रूर पढ़ें

कई समीक्षक किताब की समीक्षा करते हैं जिससे आपको मदद मिल सकती है। उनके ब्लॉग में समीक्षा पढ़कर सही पुस्तक का चयन कर सकते हैं। इसके लिए किसी प्रसिद्ध या अच्छे समीक्षक के सोशल मीडिया अकाउंट पर जाएं जहां हर प्रकार की किताब की सूची मिल जाएगी। उनकी वेबसाइट पर भी जा सकते हैं। सोशल मीडिया और ब्लॉग पर जाने का दूसरा फ़ायदा यह भी है कि वहां कई पाठकों के कमेंट्स भी होंगे जिनसे आप यह जान सकेंगे कि वाक़ई वह किताब आपको पढ़नी चाहिए या नहीं।

इसके अलावा अख़बार और मैगज़ीन में भी बुक रिव्यूज़ पढ़ सकते हैं। इनमें आपको नई किताबों की जानकारी मिलेगी और कम शब्दों में उनकी ख़ासियत भी जान सकेंगे।

फिल्म से मदद लें

कई फिल्में किताबों या साहित्यिक कहानियों पर भी आधारित होती हैं। देवदास, टू स्टेट्स, तीसरी क़सम, रजनीगंधा, परिणीता, गाइड, नदिया के पार आदि फिल्में ऐसी ही हैं। फिल्में देखकर अच्छी किताब का चुनाव कर सकते हैं या उस लेखक की अन्य पुस्तकें पढ़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *