ग्वालियर : सफाई का कचरा …? अब डोर-टू-डोर दिख रहा कचरा कलेक्शन का सिस्टम गड़बड़ाया, गाड़ियां सिर्फ ठियों से ले रहीं कचरा; लोग खुले में फेंक रहे

  • निगमायुक्त के निरीक्षण के बाद भी नहीं उठाया कचरा, जेडएचओ सस्पेंड
  • निगम मुख्यालय परिसर में ही दिनभर पड़ा रहा कचरा

स्वच्छ सर्वेक्षण-2021 पूरा होते ही शहर की सफाई व्यवस्था लड़खड़ा गई है। कचरा गाड़ियां घरों पर नहीं पहुंच रहीं हैं इसलिए कई क्षेत्रों में लोग खुले में कचरा फेंक रहे हैं। ज्यादातर स्थानों पर गाड़ियां सिर्फ ठियाें से कचरा उठाकर जा रही हैं। सफाई व्यवस्था पर कसावट करने के लिए मंगलवार को निगमायुक्त किशोर कन्याल सुबह सड़कों पर निकले। उन्हें चेतकपुरी में कचरे के ढेर मिले और लोगों ने डोर-टू-डोर कचरा गाड़ी नहीं आने की शिकायत की। यहां झाड़ू भी नहीं लगी थी।

कन्याल ने यहां सफाई के निर्देश दिए लेकिन 4 घंटे बाद भी कचरा नहीं उठा। इस पर कन्याल ने जेडएचओ प्रशांत को सस्पेंड कर दिया और वार्ड स्वास्थ्य अधिकारी लाखन को नोटिस जारी किया है। वहीं उपायुक्त सत्यपाल सिंह चौहान ने मंगलवार को वार्ड 9 की पार्षद अनीता कुशवाह के साथ निरीक्षण किया। उन्हें राजा की मंडी पुल पर कचरे का ठिया मिला। इस पर उन्होंने डब्ल्यूएचओ भगवान दास को नोटिस दिया। जेडओ को फिर मिली स्वच्छता की जिम्मेदारी: उधर शाम को निगमायुक्त ने जेडओ के अधिकार नए सिर से तय किए। इसके तहत जेडओ सफाई व स्वास्थ्य का काम भी देखेंगे। आयुक्त ने उन्हें जनकार्य (सिविल वर्क), भवन शाखा, जनकल्याण, स्वच्छता एवं अन्य कार्य सौंपे हैं।

  • निगम मुख्यालय- सफाई का निरीक्षण करने निकले आयुक्त के मुख्यालय पर ही दोपहर तीन बजे तक कचरा पड़ा बदबू मार रहा था।
  • चेतकपुरी- यहां पार्क के नाम पर बाउंड्री है। इसमें एक ट्राली मलबा दोपहर 1 बजे तक पड़ा था। यहीं थोड़ा आगे जाने पर पानी की टंकी के पास कचरा पड़ा था।
  • नया आरओबी- मानिक विलास कॉलोनी के सामने पुल के नीचे दोपहर 1:30 बजे तक कचरा पड़ा हुआ था।

सड़कों पर झाडू तक नहीं लग रही

  • माधव नगर में दो-तीन मकान बन रहे थे। उनका मलबा सड़क पर पड़ा हुआ था। आयुक्त ने सहायक सिटी प्लानर बीके त्यागी से सड़क साफ कराने को कहा।
  • दीनदयाल नगर में निरीक्षण के दौरान मुख्य मार्ग पर पानी भरा हुआ था। यहां भी सड़क पर झाडू नहीं लगी थी।
  • सड़कों के किनारे कई जगह गुमटी लगी दिखाई दी। उन्हें हटाने के लिए निर्देश दिए।
  • एक हजार बिस्तर के अस्पताल के सामने पड़ा एक हजार क्विंटल से ज्यादा मलबा व कचरा।

सफाई व्यवस्था नहीं गड़बड़ाएगी, इसलिए लिया सख्त एक्शन

सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायतें आ रही थीं। मेरे निरीक्षण में कुछ जगह कचरे के ढेर और झाडू लगी नहीं मिली। डोर-टू-डोर नहीं होने की शिकायत भी आई। तुरंत सफाई करने और कचरा उठाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी काम नहीं करने वाले जोनल हेल्थ आफिसर को निलंबित और वार्ड स्वास्थ्य अधिकारी को नोटिस दिया है।
– किशोर कन्याल, निगमायुक्त

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *