असद-गुलाम के एनकाउंटर स्टोरी ..!

49 राउंड फायरिंग हुई; 15 दिन पीछा करके STF के 12 जवानों ने ऑपरेशन को अंजाम दिया …

अतीक अहमद प्रयागराज कोर्ट में था, उधर झांसी में यूपी STF ने उसके बेटे असद और शूटर गुलाम मोहम्मद को मार गिराया। STF ने एनकाउंटर झांसी में पारीछा डैम के पास किया। यह जगह झांसी से करीब 20 किमी दूर है। अतीक को इसी से सटे झांसी हाईवे के जरिए साबरमती से प्रयागराज लाया गया। पुलिस के पास ये इनपुट था कि दोनों अतीक को छुड़ाने के फिराक में थे।

असद और गुलाम का STF वैसे तो 48 दिन से पीछा कर रही थी, लेकिन इनकी लोकेशन 15 दिन से यूपी-मध्य प्रदेश, यूपी-राजस्थान बॉर्डर पर मिल रही थी। इसके बाद से ही STF ने इन्हें दबोचने के लिए यहां डेरा डाल रखा था।

बॉर्डर से सटे 10 जिलों में STF की टीमें दोनों की लोकेशन तलाश रही थीं। तीन दिन पहले इनकी लोकेशन झांसी और उससे सटे इलाके में मिली थी। इसी समय अतीक साबरमती जेल से प्रयागराज लाया जा रहा था। STF ने डिप्टी एसपी नवेंदु कुमार और डिप्टी एसपी विमल कुमार की अगुआई में 12 जवानों की टीम को इनके पीछे लगा दिया।

माफिया अतीक के पांच बेटे हैं। दो बड़े बेटे जेल में हैं। दो छोटे बेटे बाल सुधार गृह में हैं। तीसरे नंबर के बेटे असद का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया।

असद-गुलाम ने पुलिस पर फायरिंग की
STF डीआईजी अनंत देव तिवारी ने बताया कि पुलिस टीम को असद की लोकेशन झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में पारीछा डैम के पास मिली। जहां STF और पुलिस टीम को देख असद और गुलाम ने बाइक से भागते हुए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में असद और उसका साथी गुलाम मारे गए।

STF के डीआईजी अनंत देव तिवारी। इन्हें उमेश पाल हत्याकांड के बाद आरोपियों की धरपकड़ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

आधे घंटे चली मुठभेड़, 49 राउंड फायरिंग
अनंत देव तिवारी के मुताबिक STF के पीछा करने पर दोनों ने विदेशी हथियारों से फायरिंग की। दोनों ओर से करीब 49 राउंड फायरिंग हुई। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह मुठभेड़ करीब 30 मिनट चली। STF अन्य फरार अपराधियों की भी तलाश कर रही है। गुड्डू मुस्लिम और अन्य का इनपुट भी मिल रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

STF चीफ अमिताभ यश और IPS अनंत देव को मिली है जिम्मेदारी
अतीक और उसकी गैंग का गेम ओवर करने का टास्क STF चीफ अमिताभ यश और IPS अनंत देव को मिला है। इन दोनों नामों से यूपी में माफिया थरथराते हैं। अमिताश यश की अगुआई में STF की 50 सदस्यीय टीम ने दुर्दांत डकैत गौरी को मार गिराया था। जबकि अनंत देव तिवारी ने आतंक का पर्याय बने डकैत ददुआ और ठोकिया के खात्मे के ऑपरेशन को लीड किया था। अनंत देव ने ही बिकरू कांड माफिया विकास दुबे को भी मार गिराया था।

अब अतीक गिरोह के खात्मे के लिए दोनों एक साथ हैं। इनकी टीम में STF के करीब 200 जवान हैं। ये टीम यूपी के साथ 8 राज्यों में गिरोह के सदस्यों को तलाश रही थी। एक टीम नेपाल और थाईलैंड भी गई थी। 4 शूटर्स के एनकाउंटर के बाद भी अभी मोस्टवांटेड साबिर, गुड्‌डू मुस्लिम और अरमान फरार हैं।

12 जवानों की टीम ने ऑपरेशन को दिया अंजाम
असद और गुलाम का एनकाउंटर करने वाली STF टीम में 12 जवान थे। अनंत देव की निगरानी में इस पूरे ऑपरेशन को डिप्टी एसपी नवेंदु कुमार और डिप्टी एसपी विमल कुमार ने लीड किया। टीम में इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह, इंस्पेक्टर ज्ञानेंद्र कुमार राय, दरोगा विनय तिवारी, सिपाही पंकज तिवारी, सोनू यादव, सुशील कुमार, सुनील कुमार, भूपेंद्र यादव, कमांडो दिलीप कुमार, कमांडो अरविंद कुमार भी शामिल रहे।

अतीक के 5 बेटों में तीसरे नंबर का था असद
पुलिस मुठभेड़ में मारा गया असद अतीक अहमद का तीसरे नंबर का बेटा था। सबसे बड़ा बेटा उमर लखनऊ जेल में बंद है। दूसरे नंबर का अली प्रयागराज की नैनी जेल में है। चौथे और पांचवें नंबर के नाबालिग बेटे प्रयागराज के बाल सुधार गृह राजरूपपुर में हैं।

एनकाउंटर के बाद असद। असद की लोकेशन 3 राज्यों में मिल रही थी।
एनकाउंटर के बाद असद। असद की लोकेशन 3 राज्यों में मिल रही थी।

सीएम ने की अमिताभ यश और टीम की तारीफ
उमेश पाल हत्याकांड में फरार असद अहमद और शूटर गुलाम के एनकाउंटर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अधिकारियों की तारीफ की। सीएम ने कानून-व्यवस्था पर बैठक भी की। CM योगी ने UP STF की सराहना की। अमिताभ यश, अनंत देव और उनके अधिकारियों की तारीफ की। प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद ने इस एनकाउंटर की जानकारी CM को दी।

उमेश पाल हत्याकांड के 49 दिन और 3 एनकाउंटर
उमेश हत्याकांड के 49 दिन हो चुके हैं। हत्याकांड के 4 आरोपी 3 एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं, एक घायल हुआ है। तीन आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चल चुका है। 5 आरोपियों पर पांच-पांच लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

एनकाउंटर के बाद एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर जांच तड़ताल की।
एनकाउंटर के बाद एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर जांच तड़ताल की।

अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन पर भी 50 हजार का इनाम है। अतीक को अहमदाबाद की साबरमती जेल से और उसके भाई अशरफ को बरेली जेल से प्रयागराज लगातार पेशी पर लाया जा रहा है। दो नाबालिग बेटे बाल सुधार गृह भेज दिए गए हैं। अतीक का पूरा परिवार और गैंग दर-बदर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *