खफा नेताओं को साधने में जुटी भाजपा, कांग्रेस ढूंढ रही अपनी कमजोर कड़ियां

मिशन 2023 ….

शिवराज-वीडी ने संभाला मोर्चा, सत्तन के बाद मिश्रा से मिले

सीएम शिवराज व प्रदेश अध्यक्ष वीडी ने संभाला मोर्चा, नाराज नेताओं से मुलाकात के रणनीतिक दौर शुरू, सत्तन के बाद अनूप मिश्रा की मुलाकात, साथ ही पलटवार पर भी प्लानिंग

भोपाल. पूर्व मंत्री दीपक जोशी के कांग्रेस में जाने के बाद अब भाजपा ने डैमेज कंट्रोल पर मजबूती से काम करना शुरू कर दिया। सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने नाराजों को साधने परदे के पीछे मोर्चा संभाला है। संगठन के अन्य नेताओं को भी सक्रिय किया है। सीएम शिवराज से वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन की मुलाकात के बाद रविवार को पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा की प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से मुलाकात हुई है। अन्य नाराज नेताओं को भी विभिन्न नेताओं के जरिए समझाया गया। भाजपा असंतुष्टों को साधने के साथ पलटवार की रणनीति पर भी ध्यान देगी।

भाजपा ने नाराज नेताओं को चिह्नित करना शुरू किया है। कुछ नेताओं को समझाइश व समझौतों के जरिए पार्टी रोक सकती है, जबकि कुछ को लेकर पार्टी का रुख सख्त रहना है। वजह ये कि कुछ नेता बयानबाजी से संगठन के खिलाफ तीखे प्रहार कर रहे हैं। इनमें वरिष्ठ नेता भंवर सिंह शेखावत सहित अन्य शामिल हैं। इन्हें लेकर पार्टी समझाईश व सख्ती दोनों के रुख अपना सकती ह्रै। नाराज नेता अनूप मिश्रा के मामले में पार्टी समझाईश व संतुलन की राह पर है। बता दें कि मिश्रा ने चुनाव लड़ने का ऐलान कर रखा है। इससे अंदरूनी कलह की स्थिति बनी है।

समझाईश का दायरा बढ़ेगा

भाजपा में राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश व क्षेत्रीय महामंत्री अजय जामवाल ने भी फीडबैक लिया है। जाना-कौन-कौन नेता क्यों नाराज हैं, उन्हें लेकर क्या कदम उठाए जाएं। इस पर पार्टी काम करेगी। कोशिश है, दीपक की तरह कोई कांग्रेस में न जाए। वरिष्ठ नेता रघुनंदन शर्मा समझाईश और समन्वय की जरूरत बता चुके हैं।

दीपक जोशी के कांग्रेस में जाते ही भाजपा में मंथन और रणनीति का दौर, लगे मान-मनुहार करने

ग्वालियर-चंबल और मालवा में ज्यादा असंतोष

भाजपा के अभी तक के फीडबैक में ग्वालियर-चंबल और मालवा में सबसे ज्यादा नाराजगी सामने आई है। इन इलाकों में ही दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक सबसे ज्यादा है। खास तौर पर ग्वालियर-चंबल में सिंधिया समर्थकों से भाजपा के मूल कॉडर के नेता समन्वय नहीं कर पाए। इससे असंतोष बढ़ा है। अब चुनाव पास आने से असंतोष फूट रहा है। इसलिए पार्टी रणनीति बनाकर काम करेगी।

हर माह जिलों में कोर कमेटियों की बैठक

प्रदेश भाजपा ने सभी जिलों को जिला कोर कमेटी की बैठक अनिवार्य रूप से करने कहा है। इससे स्थानीय असंतुष्ट नेताओं की बात सामने आएगी। उन्हें समझाया जा सकेगा। यूं तो हर माह दो बार यह बैठक होनी है, पर अधिकतर जिलों में नियमित नहीं है। इसलिए संगठन ने इसके आदेश जारी किए। जहां बैठक नहीं हुई, वहां 15 मई तक करनी है।

कांग्रेस की नजर अब भाजपा के प्रभावशाली असंतुष्ट नेताओं पर ….

भोपाल. भाजपा के संस्थापक सदस्य रहे पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी के कांग्रेस का दामन थामने के बाद पार्टी उत्साह में है। संगठन में सक्रियता बढ़ी है। भाजपा के अन्य प्रभावशाली असंतुष्ट नेताओं पर कांग्रेस की नजर है। वहीं कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर की कोशिश भी कर रही है। कमजोर कड़ियों पर पैनी निगाहें हैं।

विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस रणनीति के साथ काम कर रही है। दीपक जोशी को कांग्रेस की सदस्यता दिलाना इसी का हिस्सा है। कमलनाथ कह चुके हैं कि जोशी का आना ट्रेलर है, यानी फिक्र अभी बाकी है। कमलनाथ का सीधे इशारा है कि अन्य नेताओं की कांग्रेस में एंट्री होगी। किसे कब पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी यह कमलनाथ तय कर रहे हैं। यानी कमलनाथ ने ही मोर्चा संभाल रखा है।

लगातार तीन बार हारी विधानसभा सीटों पर वे जमीनी हकीकत देख रहे हैं। कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों से चर्चा, बैठक के साथ सभाएं भी कर रहे हैं। वहीं, दिग्विजय सिंह मंडलम, सेक्टर, सहित कार्यकर्ताओं की बैठकें कर डैमेज कंट्रोल में जुटे हैं। वे लगातार कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर, क्षेत्रीय नेताओं के गिले-शिकवे दूर करने का प्रयास कर रहे हैं। कुछ स्थानों पर कसम भी खिलाई कि वे निर्दलीय चुनाव नहीं लड़ेंगे, पार्टी उम्मीदवार के लिए काम करेंगे।

सिंधिया संग जो गए, उनके लिए रास्ते बंद

बगावत कर ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ भाजपा में गए कुछ नेताओं के लिए कांग्रेस ने रास्ते बंद कर लिए हैं। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह पहले ही कह चुके हैं, सिंधिया के साथ गए नेताओं को दोबारा कांग्रेस में नहीं लिया जाएगा। ऐसी ही राय कांग्रेस के अन्य नेताओं की भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *