ग्वालियर : #Unsafewomen महिलाएं असुरक्षित …?

#Unsafewomen – साल के शुरुआती तीन महीनों में बढ़ा अपराधों का आंकड़ा

महिलाएं असुरक्षित : हर 39 घंटे में बलात्कार, रोज छेड़छाड़ और अपहरण

ग्वालियर। महिलाओं के साथ अपराधों पर कसावट की कोशिश पूरी तरह कारगर नहीं है। स्टेट क्राइम ब्यूरो की रिपोर्ट के मुताबिक जिले के 39 थानों में साल के पहले शुरुआती तीन महीने में 62 बलात्कार , 81 छेड़छाड़ और 75 अपहरण के केस दर्ज हुए हैं। यह आंकड़े जनवरी से मार्च तक महिलाओं के साथ अपराध से ज्यादा है। लगभग हर 39 घंटे में महिलाओं के साथ संगीन अपराध की शिकायत पुलिस के सामने आ रही है।

दूसरे अपराधों से महिला अपराध ज्यादा

महिलाओं के साथ अपराधों का बढ़ना चिंता की बात है। इस पर लगाम के लिए पुलिस मुख्यालय से लेकर जिला स्तर पर कसावट की कोशिशें हैं। पुलिस अधिकारी कहते हैं, महिलाओं के साथ अपराध तो बढ़ रहा है, लेकिन ज्यादातर केस में अपराधी न तो पेशेवर बदमाश हैं और न अनजान होते हैं। महिलाओं के परिचित और नजदीकी ही उनके लिए खतरा बनते हैं। इसलिए ऐसे अपराधों का पहले आभास नहीं होता है। पिछले 7 दिन में शहर में महिलाओं के साथ हैवानियत की दो वारदातें सामने आई हैं।

धानमिल (माधौगंज ) में माला (36) को उसके पड़ोसी विकास प्रजापति ने धोखे से सूनसान में ले जाकर उसका बलात्कार किया। उसके प्राइवेट पार्ट में लकड़ी और घास ठूंसी और पत्थर से कुचलकर मार दिया। विकास मृतका का पुराना पड़ोसी था। त्यागी नगर मुरार में रेणू पाठक को उसके देवर ने ही डबरा ले जाने के बहाने चलते ट्रक में गला घोंटकर मार दिया। फिर उसकी लाश को बबीना ले जाकर बेतवा नदी में फेंक दिया। दोनों महिलाओं ने परिचित और नजदीकी पर भरोसा किया था। वही उनके लिए घातक हो गया।

पिछले साल महिलाओं के साथ अपराधों का आंकड़ा

वर्ष 2022 में 274 बलात्कार, छेड़छाड़ 322 और अपहरण की 246 वारदातें दर्ज हुई थीं, जबकि साल के शुरुआती तीन महीने (जनवरी से मार्च ) में बलात्कार 54, छेड़छाड़ 64 और अपहरण के 51 केस दर्ज हुए थे।

इस तरह सुरक्षा

● सुरक्षा के प्रति महिलाओं में जागरूकता जरूरी है।

● अपराध करने वालों के खिलाफ शिकायत करना जरूरी

● परिचित और नजदीकियों के व्यवहार की परख करें, मर्यादा लांघने की कोशिश पर आपत्ति करने से न हिचकें

जनवरी से मार्च 23 तक महिलाओं के साथ अपराध की स्थिति

महीना रेप छेड़छाड़ अपहरण

जनवरी 23 30 25

फरवरी 18 30 21

मार्च 21 21 29

    कुल 62 81 75

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *