बिस्तर न छोड़ने की 3 वजहें, 3×10 का नियम रखे फिट ?

7 तरीकों से एक्सरसाइज के लिए खुद को करें मोटिवेट …
बिस्तर न छोड़ने की 3 वजहें, 3×10 का नियम रखे फिट

अंकित की तरह हर कोई अपने शरीर को फिट रखना चाहता है। कई लोग हर महीने की 1 तारीख से तो कई नए साल से फिटनेस पर ध्यान देने का रिजॉल्यूशन ले लेते हैं, लेकिन हर बार वह रिजॉल्यूशन पूरा नहीं हो पाता। सुबह उठने के बाद बिस्तर छोड़ने का मन नहीं करता। जबकि हम सभी जानते हैं कि अगर शरीर स्वस्थ होगा तभी मन भी स्वस्थ रहेगा। तभी काम या पढ़ाई में भी मन लगेगा।

इसलिए आज ‘सेहतनामा’ में हम बात करेंगे सेल्फ मोटिवेशन की। ऐसे कुछ तरीके, जो हमें बिस्तर छोड़कर एक्सरसाइज करने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। हम यह भी जानेंगे कि आखिर लोग वर्कआउट बीच में ही क्यों छोड़ देते हैं?

इन चुनौतियों की वजह से एक्सरसाइज करने से बचते लोग

लोग एक्सरसाइज या वर्कआउट का मन तो बना लेते हैं, लेकिन हर रोज नए बहाने या नई चुनौतियों से जूझने लगते हैं। ये बहाने या चुनौतियां ऐसी हैं, जो अक्सर सुनने को मिलती ही हैं। आइए जानते हैं-

सुबह जल्दी बिस्तर न छोड़ पाना

सुबह एक्सरसाइज करने से शरीर दिन भर एनर्जेटिक बना रहता है, लेकिन लोगों के लिए यही सबसे बड़ी चुनौती है कि वह सुबह बिस्तर नहीं छोड़ पाते। इसकी वजह यह है कि-

  • शरीर का बुनियादी स्वभाव है आराम की इच्छा। जाहिर है कि शरीर रजाई की गर्माहट छोड़कर दौड़ना, जिम जाना पसंद नहीं आएगा।
  • सुबह उठने और काम करने की ऊर्जा महसूस न होने का सबसे बड़ा कारण है, रात में नींद का पूरा न होना। अगर आप 7 घंटे गहरी नींद सोए हैं तो सुबह शरीर में ऊर्जा रहेगी।
  • रात में आप कितनी अच्छी-गहरी नींद सोए, इसका सीधा संबंध इस बात से है कि डिनर कितने बजे किया और डिनर में क्या खाया। डिनर हल्का और सोने से कम से कम तीन घंटे पहले कर लेना चाहिए।

समय की कमी का बहाना

अपनी दिनचर्या में एक्सरसाइज को शामिल न करने की सबसे बड़ी वजह है समय की कमी। कमी होती नहीं, एक्सरसाइज न करने वाले को लगती है। यह उसका फेवरेट बहाना है- मेरे पास टाइम ही नहीं है। दिक्कत टाइम की कमी नहीं, बल्कि कुछ और है। जैसेकि-

  • एक्सरसाइज आपकी पहली प्राथमिकता नहीं है।
  • आप अपनी सेहत को लेकर सचेत नहीं हैं।
  • अनहेल्दी लाइफ स्टाइल के कारण शरीर थकान और कमजोरी महसूस करता है।
  • आपका टाइम मैनेजमेंट खराब है क्योंकि एक्सरसाइज करने वालों का दिन 30 घंटे का नहीं होता। हर किसी के पास सिर्फ 24 घंटे ही हैं।

खाने का सही रूटीन न होना

जब हम एक्सरसाइज या जिम करते हैं तो हमारा शरीर कैलोरी बर्न करता है। इसकी पूर्ति के लिए हेल्दी खान-पान बहुत जरूरी है। लेकिन खराब लाइफस्टाइल की वजह से लोग जिम जाने से बचते हैं। जैसेकि-

  • समय पर खाना नहीं खाना। देर रात हैवी डाइट लेना।
  • अनहेल्दी खाना खाने से शरीर को पहुंचा नुकसान।

आइए ग्राफिक में दिए गए सभी पॉइंट्स के बारे में विस्तार से समझते हैं।

वर्कआउट करना क्यों है जरूरी

हर किसी के शरीर की जरूरतें अलग-अलग हैं। सबसे पहले आपको अपने शरीर की जरूरत को समझना होगा। जैसेकि-

  • कोई वजन घटाने के लिए वर्कआउट करता है।
  • कोई शरीर को फिट रखने के लिए एक्सरसाइज करता है।
  • ज्यादातर युवा मसल्स बनाने के लिए जिम जाते हैं।

छोटे-छोटे टारगेट सेट करें

लोग वर्कआउट करने के लिए एक साथ छह महीने या साल भर की जिम मेंबरशिप ले लेते हैं। फिर कुछ दिन पसीना बहाने के बाद उनका उत्साह कम होने लगता है। वो सारी ऊर्जा शुरू के दिनों में ही खर्च कर देते हैं। इससे बचने के लिए ये टिप्स अपना सकते हैं-

  • जैसे बूंद-बूंद से घड़ा भरता है, वैसे ही एक-एक कदम आगे बढ़ाएं।
  • घर या जिम में एक्सरसाइज शुरू करें तो शुरू में 15 दिन सिर्फ 10-15 मिनट का समय दें। वर्कआउट की अवधि धीरे-धीरे बढ़ाएं। इसे 30 से 60 मिनट तक ले जा सकते हैं।
  • शरीर को धीरे-धीरे वर्कआउट की आदत डालें ताकि शरीर पर एक साथ ढेर सारा बोझ न पड़े।

3×10 का नियम जरूर अपनाएं

आजकल लोग ज्यादातर यह शिकायत करते हैं कि उनके पास समय की कमी है। दरअसल यह एक बहाना है। ऐसे लोगों के लिए 3×10 का नियम सबसे अच्छा विकल्प है। इस नियम को समझें-

  • दिन में 3 बार सिर्फ 10 मिनट के लिए टहल सकते हैं।
  • हर दिन 3 बार 10-10 मिनट के लिए पुशअप्स कर सकते हैं।
  • रोज मिनी वर्कआउट के लिए 3 बार 10 मिनट का समय निकाल सकते हैं।

ग्रुप बनाकर करें एक्सरसाइज

दोस्तों के साथ कॉफी या डेट पर जाने से अच्छा है कि साथ मिलकर एक्सरसाइज करने जाएं। समूह में एक्सरसाइज करने के बहुत से फायदे हैं। जैसेकि-

  • इसमें आप अपने घर-परिवार और दोस्तों को जोड़ सकते हैं।
  • सबके साथ मिलकर कोई भी काम करना अच्छा लगता है।
  • समूह में ज्यादा मोटिवेशन महसूस होता है।
  • ऐसे में स्किप करने के चांस कम हैं क्योंकि एक आलस करेगा तो दूसरा खींच लेगा।

स्मार्ट वॉच, फिटनेस बैंड का करें इस्तेमाल

आजकल योग या वर्कआउट के लिए सैकड़ों फिटनेस ऐप्लिकेशन मौजूद हैं, जिसका उपयोग करके आप अपने रोजाना के वर्कआउट को शेड्यूल कर सकते हैं। ऐप आपको रोज वर्कआउट करने का रिमाइंडर देता रहेगा। साथ ही आप स्मार्ट वॉच, फिटनेट बैंड का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। ये एसेसरीज वर्कआउट में हो सकती हैं मददगार-

  • स्मार्ट वॉच
  • फिटनेस बैंड
  • ट्रैकिंग डिवाइस
  • फिटनेस बॉडी ऐप
  • मोबाइल फिटनेस ट्रैकर

सुबह स्मार्टफोन से बनाएं दूरी

सुबह उठते ही अपना फोन चेक करने की आदत बहुत आम है। फोन में खोकर लोग डेली रूटीन के काम और समय को भी भूल जाते हैं। इससे बचने के लिए अपनाएं ये उपाय-

  • बहुत जरूरी न हो तो रात को सोते समय स्मार्टफोन कमरे से दूर रखें।
  • स्मार्टफोन अलार्म की जगह अलार्म घड़ी का प्रयोग करें।

आसपास लिखें हर रोज के गोल

  • अपने बिस्तर के आसपास, किचन में फ्रिज पर अपने सेल्फ मोटिवेशनल गोल्स को पिन करें। लिखकर सामने लटका दें ताकि यह रोज आपको याद दिलाता रहे।
  • रोज रात में सोने से पहले डायरी में लिखें कि आज का लक्ष्य कितना पूरा हुआ।
  • हर 15 दिन में अपने अचीवमेंट का मूल्यांकन करें। अगर आपका अचीवमेंट रेट 100% है तो इससे आपको इस लक्ष्य पर टिके रहने की प्रेरणा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *