ग्रेनो में DPS समेत 12 स्कूलों की रद्द होगी मान्यता !
अधर में छात्रों का भविष्य: ग्रेनो में DPS समेत 12 स्कूलों की रद्द होगी मान्यता, कमेटी गठित; जानें पूरा मामला
Noida Schools: ग्रेटर नोएडा के 12 स्कूलों पर मान्यता रद्द होने का खतरा मंडरा रहा है। जिलाधिकारी ने डिप्टी कलेक्टर की अध्यक्ष्ता में एक कमेटी गठित की। जवाब तलब कर कमेटी शासन को मान्यता रद्द् करने की रिपोर्ट भेजेगी।
जिला प्रशासन शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) में दाखिला नहीं देने वाले 12 निजी स्कूलों की मान्यता खत्म हो सकती है। इस मामले में सोमवार को जिलाधिकारी ने डिप्टी कलेक्टर की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की है। जो स्कूलों को नोटिस जारी कर जवाब तलब करेगी।
उसके बाद शासन को स्कूलों की मान्यता रद्द् करने का पत्र भेजा जाएगा। इन 12 स्कूलों में छह स्कूलों ने आरटीई के तहत एक भी दाखिला नहीं दिया हैं। इन स्कूलों में कुल 228 में से 194 बच्चे चार माह बाद भी पढ़ाई शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
शिक्षा विभाग आरटीई के तहत निजी स्कूलों में गरीब बच्चों दाखिला करा रहा है। लॉटरी के माध्यम से बच्चों को स्कूलों का आवंटन किया जाता है। इसके उलट निजी स्कूल मनमानी कर रहे है। आरटीई के तहत बच्चों का दाखिला नहीं कर रहे है। बीएसए ने ऐसे ही 12 निजी स्कूलों की जानकारी जिलाधिकारी को सौंपी है।
जिलाधिकारी को बताया गया है कि इन स्कूलों को कई बार नोटिस जारी कर चेतावनी दी जा चुकी है। बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि दाखिला नहीं देने वाले 12 स्कूलों की मान्यता रद्द् करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडेय कमेटी के अध्यक्ष होंगे। जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी आशीष कुमार और कुमारी मायावती राजकीय कन्या इंटर कालेज की प्राचार्य छवि सिंह सदस्य होंगीं। स्कूलों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में जवाब तलब किया जाएगा।
स्कूलों का नाम | आवंटित सीट | लंबित सीट |
बाल भारती पब्लिक स्कूल, सेक्टर-21 नोएडा | 46 | 38 |
डीपीएस नॉलेज पार्क-5 ग्रेनो वेस्ट | 59 | 41 |
द मिलेनियम स्कूल सेक्टर-119 नोएडा | 15 | 15 |
रामाज्ञा स्कूल, सेक्टर-50 नोएडा | 28 | 28 |
समसारा द वर्ल्ड एकेडमी, सेक्टर-37 ग्रेनो | 14 | 11 |
राघव ग्लोबल स्कूल, सेक्टर-122 नोएडा | 15 | 13 |
दरबारी लाल फाउंडेशन वर्ल्ड स्कूल, जीटा-वन ग्रेनो | 10 | 10 |
शिव नादर स्कूल, छपरौली बांगर नोएडा | 10 | 08 |
संस्कार स्कूल, रोजा जलालपुर ग्रेनो वेस्ट | 10 | 10 |
फॉच्यून वर्ल्ड स्कूल, सेक्टर-105 नोएडा | 10 | 10 |
आर्मी पब्लिक स्कूल, नोएडा | 07 | 07 |
ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल, सिरसा ग्रेनो | 06 | 05 |
कुल | 228 | 194 |