आसानी से छूट रहे अपराधियों के हौसले बुलंद ?

आसानी से छूट रहे अपराधियों के हौसले बुलंद…घर, बाजार, शिक्षण संस्थान से लेकर ऑफिस तक में महिलाएं असुरक्षित

प्रदेश सरकार महिला सुरक्षा के लिए दावे भले ही करती हो, लेकिन इसके बाद भी शहर में बेटियां और महिलाएं सुरक्षित नहीं है। स्थिति यह है कि घर से निकलने के बाद महिलाओं के साथ आपराधिक गतिविधियों काे अंजाम दिया जाता है। बाजार में आए दिन उनके साथ छेड़खानी होती है। वह ऑफिस में गरिमा के साथ काम नहीं कर सकती हैं।

शिक्षण संस्थानों की स्थिति यह है कि जहां छात्राओं को शिक्षक अश्लील मैसेज भेजते हैं, लेकिन इन पर कोई अंकुश नहीं हैं। सरकार महिला सुरक्षा के लिए जो अभियान चला रही है वह सिर्फ कागजों तक ही सीमित हैं। अपराधियों पर सख्ती न होने के कारण उन्हें पुलिस और कानून का भय नहीं है। इस कारण महिलाओं की गरिमा व स्वतंत्रता का ह्रास होता है।

अभियान का असर: 2023 की तुलना में 242 मामले कम आए

महिला अपराध डीएसपी किरण अहिरवार का कहना है कि महिलाओं पर घटित अपराधों में बीते दो वर्ष में कमी आई है। हत्या, दुष्कर्म, अपहरण समेत अन्य महिला अपराध साल 2023 में 1645 हुए थे। वहीं 2024 में यह आंकड़ा कुल 1403 रहा। जो वर्ष 2023 की तुलना में 242 मामले कम आए।

शिक्षण संस्थान

जेयू में मार्कशीट लेने आई छात्रा से वहां के शिक्षक ने छेड़छाड़ की। एफआईआर विवि थाने में दर्ज है। छात्रा ने शिक्षक जितेंद्र भदौरिया पर आरोप लगाया, लेकिन अपराधी पर कार्रवाई नहीं हुई। वहीं राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विवि के चित्रकला विभाग के एचओडी प्रो. साजन मैथ्यू पर छात्राओं ने आरोप लगाए। झांसी रोड में शिकायत के बाद भी अब तक कुछ नहीं हुआ। ऐसे ही महिला पॉलीटेक्निक का शिक्षक छात्रा से छेड़खानी करता था, इसकी शिकायत पड़ाव थाने में दर्ज है। पकड़े नहीं गए।

ऑफिस-फैक्ट्री

ग्वालियर विकास प्राधिकरण (जीडीए) में कार्यरत महिला कर्मचारी ने अकाउंट ऑफिसर एनके शर्मा पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। शिकायत पर जीडीए सीईओ ने 8 मार्च को जांच समिति बनाई और 3 दिन में रिपोर्ट मांगी थी, लेकिन अब तक 35 दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ है। वहीं गेंडे वाली सड़क निवासी युवती चिराग इंटर प्राइजेज में काम करती थी। उस युवती के साथ मालिक शुभम माहौर ने दुष्कर्म किया। जिसकी शिकायत जनकगंज में दर्ज है।

बाजार

अपहरण कर किया दुष्कर्म ​पनिहार थाना क्षेत्र की 15 वर्षीय किशोरी के साथ बीते साल बदमाशों ने अपहरण कर दुष्कम किया। मामला बीते साल दिसंबर का है। किशोरी जब से घर से निकली तो उसको जानने वाला टैटू आटिस्ट शुभम जाटव मिल गया। वह किशोरी का अपहरण कर इंदौर ले गया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। गिरवाई थाने में ​नाबालिग के परिजनों ने एफआईआर दर्ज कराई थी।

दो चर्चित मामले, जिसमें अभी तक नहीं मिला न्याय

अक्षया के हत्यारे को अब भी नहीं मिली सजा 10 जुलाई 2023 को सोनाक्षी शर्मा और अक्षया यादव अपने घर लौट रही थीं। दोनों छात्राओं के बेटी बचाओ चौराहे पर चार बाइक सवार बदमाशों ने दोनों पर फायरिंग कर दी। गोली अक्षया के सीने में लगी और उसकी मौत हो गई। चारों बदमाश मौके से फरार हो गए। अक्षया पूर्व डीजीपी सुरेंद्र सिंह यादव की नातिन थी। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। जिसमें अभी तक आरोपियों को सजा नहीं हो सकी है।

ट्रैवल्स संचालक की पत्नी के हत्यारे पकड़े, सजा नहीं

29 जुलाई 2024 को माधौगंज के प्रीतमपुरा गुढ़ा में ट्रैवल्स संचालक संतोष गुप्ता की पत्नी अनीता गुप्ता की दिन दहाड़े घर के दरवाजे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मयंक उर्फ मंकू भदौरिया, आकाश जादौन और सौभम जादौन ने लूट के इरादे से सीने में गोली मारी थी। मुख्य आरोपी आकाश जादौन को पुलिस ने शीतला माता रेलवे क्रॉसिंग के पास से पकड़ा था। आरोपी सौरभ जादौन को गिरफ्तार कर उसी की निशानदेही पर मयंक और आकाश की पहचान हुई थी।

महिला सुरक्षा के लिए योजनाएं व अभियान

  • ऊर्जा डेस्क: हर थाने में सुविधा है, लेकिन अधिकांश जगह स्थिति संतोषजनक नहीं है। {बेटी की पेटी: विभिन्न स्कूल-कॉलेज व कोचिंग के आसपास शिकायत पेटी लगी हैं, लेकिन इनमें से कई खुलती ही नहीं हैं।
  • निर्भया मोबाइल: पार्क, स्कूल हॉस्टल कोचिंग आदि में घूमती है। हेल्प लाइन 1090 हैं।
  • ऑपरेशन मुस्कान, हमारी गुड्डी, मैं हूं अभिमन्यु जैसे अभियान पुलिस ने चलाए, लेकिन इसके बाद भी महिला अपराध कम नहीं हो सके। अब पिंक बूथ चलाने की योजना है।

महिला अपराधों में कमी, पिंक बूथ शुरू कर रहे हैं

^महिला अपराध में कमीं आई है। स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर के आसपास संबंधित थाने की पुलिस गश्ती दल तैनात हैं। अक्षया व अनीता की हत्या के आरोपी पकड़े जा चुके हैं। बाजारों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए पिंक बूथ भी शुरू किए जा रहे हैं, जिन पर महिला बल ही तैनात रहेगा। -धर्मवीर सिंह, एसएसपी, ग्वालियर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *