Agritpatrika

डिप्टी कलेक्टर के सूने मकान से 11लाख का सोना चोरी…यहीं आईजी इंटेलिजेंस से लूट हुई थी !

डिप्टी कलेक्टर के सूने मकान से 11लाख का सोना चोरी:पॉश इलाका चार इमली में वारदात, कीमती घड़ियां भी ले गए; यहीं आईजी इंटेलिजेंस से लूट हुई थी

भोपाल के पॉश इलाके चार इमली में रहने वाली डिप्टी कलेक्टर अलका सिंह वामनकर के सूने मकान-ई-8/11 से चोर 11 लाख से अधिक के 10 तोले सोने के जेवरात, करीब 40 हजार रुपए मूल्य की 250 ग्राम चांदी की पायजेब और कीमती घड़ियां सहित अन्य सामान लेकर चंपत हो गए हैं। पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।

हबीबगंज थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आरोपियों के संबंध में कोई पुख्ता सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि उनके घर में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं हैं।

टीआई संजीव चौकसे के मुताबिक अलका सिंह चार इमली में स्थित अपने सरकारी आवास में रहती हैं। करीब 15 दिन पहले पति के उपचार के सिलसिले में केरल गई थीं। इस दौरान मकान में ताले लगे हुए थे और गार्ड भी नहीं थे। अलका सिंह वर्तमान में राजस्व आयुक्त कार्यालय में डिप्टी कलेक्टर के पद पदस्थ हैं।

कीमती घड़ियां भी ले भागे बदमाश

आरोपी अलका सिंह के सूने मकान से बैडरूम की अलमारी में रखा 10 तोला सोना, कीमती घड़ियों का कलेक्शन और अन्य सामान चोरी कर लिया। मंगलवार को जब वे घर लौटीं तो चोरी का खुलासा हुआ। इसके बाद उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज चेक किए जा रहे हैं।

डिप्टी कलेक्टर वामनकर के इसी मकान को चोरों ने निशाना बनाया है।
डिप्टी कलेक्टर वामनकर के इसी मकान को चोरों ने निशाना बनाया है।

पति का इलाज कराने गई थीं केरल

अलका सिंह के पति मिथलेश वामनकर को बोलने में दिक्कत होती है। इसी का इलाज कराने अलका 3 नवंबर को परिवार सहित केरल गई थीं। सोमवार (10 नवंबर) की दोपहर जब वे घर लौटीं तो गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सोने-चांदी के लाखों रुपए के जेवरात गायब थे।

एफएसएल टीम ने की जांच

घटना की खबर लगते ही पुलिस के साथ एफएसएल की टीम भी पहुंच गई, जहां पुलिस ने पड़ताल की। इसके बावजूद पुलिस को आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। इस मामले में पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया है। जिनसे पुलिस पूछताछ करने में जुटी है। पुलिस का कहना है जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

डिप्टी कलेक्टर अलका सिंह वामनकर के सूने मकान-ई-8/11 में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है।
डिप्टी कलेक्टर अलका सिंह वामनकर के सूने मकान-ई-8/11 में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है।

हाई सिक्योरिटी एरिया है चार इमली

चार इमली शहर का पॉश और हाई सिक्योरिटी एरिया है। यहां आईएएस, आईपीएस और मंत्रियों के निवास हैं। इससे पहले भी यहां कई चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। लगातार हो रही वारदातों के बाद इलाके में पुलिस गश्त पर सवाल खड़े हो गए हैं।

आईजी इंटेलिजेंस से हुई थी लूट

24 सितंबर को चार इमली इलाके में आईजी इंटेलिजेंस डॉ. आशीष (IPS) से मोबाइल लूट की घटना हुई थी। घटना के समय आईजी पत्नी के साथ वॉक पर निकले थे। पीछे से बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश आए और उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *