लखनऊ की 10 नामी….FSDA ने 20 लाख की सड़ी मिठाइयां पकड़ी, छप्पन भोग-मधुरिमा को नोटिस
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने इन दुकानों से कुल 36.64 क्विंटल संदिग्ध खाद्य सामग्री सीज की। करीब 595 किलो मिठाई मानव उपभोग के अयोग्य पाई गई, जिसे मौके पर नष्ट कराया। कुल 20.57 लाख रुपए मूल्य की मिलावटी और सड़ी मिठाइयों को जब्त या नष्ट किया। 21 नमूने भी एकत्र किए गए, जिनको जांच के लिए लैब भेजा गया है।

दिवाली की बची मिठाई रखी मिली
FSDA आयुक्त ने बताया- 10 टीमों ने एक साथ मोती महल, रिट्ज, राधेलाल क्लासिक, मधुरिमा, नीलकंठ, सियाराम, महालक्ष्मी, श्याम स्वाद, कंचन स्वीट्स और छप्पन भोग जैसी बड़ी दुकानों का निरीक्षण किया। कई दुकानों में कालातीत मिठाई, मिथ्याछाप उत्पाद, मिसब्रांडेड सामग्री और रंगीन पेठा जैसे पदार्थ रखे मिले।
नादरगंज स्थित छप्पन भोग दुकान और कारखाने में टीम ने 8 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। यहां बड़ी मात्रा में मिस ब्रांडेड और मिलावटी मिठाई और खाद्य सामग्री मिली। कुल 36.64 क्विंटल मिठाई और संदिग्ध सामग्री सीज की गई। जिसकी कीमत ₹14,40,000 रुपए है। यहां 10 किलो रंगीन पेठा नष्ट कराया गया।


अलीगंज में ₹3.6 लाख की मिठाई नष्ट
अलीगंज की श्याम स्वाद मिठाई की दुकान पर करीब 3 क्विंटल काजू की मिठाई जब्त की। इसकी बाजार कीमत ₹3,60,000 रुपए है। दो नमूने जांच के लिए लिए गए। स्वच्छता में सुधार के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि मिठाई बनाने में उपयोग हो रहा घी और ड्राई फ्रूट खराब और मिलावटी थे।
कामता चौराहा पर टीम को नीलकंठ स्वीट्स से 255 किलो कालातीत मिठाई सड़ी मिली। अधिकांश मिठाइयों पर मैन्युफैक्चरिंग या एक्सपायरी डेट दर्ज नहीं थी। टीम ने मिठाई को मौके पर ही नष्ट कराया।
इंदिरा नगर स्थित कंचन स्वीट्स से 30 किलो सड़ी मिठाई जब्त की गई। इसकी बाजार कीमत ₹24,000 है। टीम ने बताया कि फ्रिज और भंडारण स्थान पर गंदगी थी, दीवारों पर फफूंदी जमी थी।
लाइसेंस नहीं मिलने पर महालक्ष्मी स्वीट्स सील
महालक्ष्मी स्वीट्स बिना फूड लाइसेंस के संचालित हो रही थी। टीम ने प्रतिष्ठान को फौरन बंद कराते हुए विधिक कार्रवाई शुरू की। गोमती नगर के विशाल खंड स्थित सियाराम स्वीट्स में स्थिति सबसे भयावह पाई गई।
कंटेनर में सड़ी गंध, फर्श पर फैली चाशनी, खुले में रखी मिठाइयां और गंदे उपकरण देखकर टीम ने मौके पर ही खाद्य संचालन पर रोक लगाई। प्रतिष्ठान को सील करने की प्रक्रिया शुरू की।

राधेलाल क्लासिक-मधुरिमा की रसोई भी गंदगी
राधेलाल क्लासिक और मधुरिमा स्वीट्स शहर की दो प्रतिष्ठित दुकानें भी जांच के दायरे में आईं। दोनों जगहों पर किचन में तेल फैला था, दीवारें गीली थीं, और कुकिंग उपकरण अस्वच्छ हालत में मिले। दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 8 नमूने लिए गए। राधेलाल क्लासिक के मामले में खाद्य कारोबार संचालन पर अस्थायी रोक लगाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।मधुरिका स्वीट्स में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई।
लाइसेंस निलंबन या रद्द करने की कार्रवाई होगी
आयुक्त ने कहा- सभी मिठाई की दुकानों को नोटिस जारी किया गया है। सुधार न करने की दशा में इन प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार लाइसेंस निलंबन या रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।


