मध्य प्रदेश

भिंड पुलिस पर कस्टडी में पिटाई के आरोप ?

भिंड पुलिस पर कस्टडी में पिटाई के आरोप
कोर्ट में खड़े भी नहीं हो पाए पांचों पीड़ित, जज ने कहा- मेडिकल खारिज, पैनल से जांच कराओ
आरोप है कि हवालात में मारपीट से प्रमोद और दीपक को गंभीर चोटें आई हैं।

भिंड पुलिस पर कस्टडी में 5 लोगों को बुरी तरह पीटने के आरोप लगे हैं। जब पुलिस ने इन सभी को कोर्ट में पेश किया, तो उनकी हालत देखकर जज ने मेडिकल रिपोर्ट को अस्वीकार कर दिया। पैनल बोर्ड से दोबारा जांच कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कोर्ट ने सभी पांचों आरोपियों को तत्काल जमानत भी दे दी।

मामला जिले के फूप थाना क्षेत्र का है। यहां शुक्रवार शाम सैनिक कॉलोनी निवासी विवेक शर्मा सब्जी खरीदने के लिए ठेले पर खड़ा था। उसी समय छोटू जाटव बाइक से आया। उसकी बाइक विवेक से टकरा गई। दोनों गिर पड़े। विवेक और उसके परिजन ने छोटू के साथ मारपीट कर दी। विवाद बढ़ा तो सड़क पर जाम लग गया।

सूचना पर सादी वर्दी में पुलिस जवान राहुल राजावत मौके पर पहुंचे। बीच-बचाव के दौरान विवेक वाले पक्ष की राहुल से भी बहस हो गई। मौके पर मौजूद दीपक परमार ने घटना का वीडियो बनाना चाहा, तो विवेक पक्ष ने उसका मोबाइल भी छीन लिया।

पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। क्रॉस FIR दर्ज कर ली।

रात में घर से उठा लाई पुलिस

इसके बाद रात को पुलिस, विवेक के घर पहुंची। कई सदस्यों को थाने ले आई। बाद में महिलाओं-बच्चों को छोड़ दिया गया लेकिन विवेक शर्मा, प्रमोद शर्मा, अभिषेक शर्मा, दीपक शर्मा और सुरेश शर्मा को रातभर हवालात में रखा गया। आरोप है कि हवालात में पांचों के साथ जमकर मारपीट की गई, जिससे प्रमोद और दीपक को गंभीर चोटें आई हैं।

कोर्ट में कहा- हवालात में लाठियों से पीटा

पुलिस ने शनिवार को पांचों लोगों को कोर्ट के सामने पेश किया। यहां आरोपियों की हालत बेहद खराब दिखी। प्रमोद और दीपक चल भी नहीं पा रहे थे। प्रमोद ने अदालत को बताया कि हवालात में लाठी-डंडों से पिटाई की गई है। मेडिकल रिपोर्ट में भी प्रमोद के शरीर पर 11 गंभीर चोटों की बात लिखी थी।

इसके मद्देनजर जज ने पुलिस द्वारा कराए गए मेडिकल चेकअप की रिपोर्ट को अमान्य मानते हुए पैनल बोर्ड से दोबारा मेडिकल कराने के निर्देश दिए। सभी को जमानत भी दे दी। कोर्ट परिसर से बाहर निकलते समय प्रमोद की हालत बिगड़ गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। कहने लगा- अब चला नहीं जाता, मेरी पसलियां टूट गई हैं।

विवेक पक्ष के वकील हिमांशु शर्मा ने कहा, ‘पुलिस ने हमारे पक्ष के लोगों के साथ बर्बरता की है। हवालात में उनकी लाठियों से पिटाई की गई, जिसका सबूत प्रमोद के शरीर पर मौजूद 11 चोटें हैं। पुलिस का रवैया पक्षपातपूर्ण रहा। पूरे मामले को एकतरफा बना दिया गया।’

कोर्ट से बाहर आते ही प्रमोद सड़क पर गिर गया।
कोर्ट से बाहर आते ही प्रमोद सड़क पर गिर गया।

महिलाओं को घसीटा, लेडी पुलिस भी नहीं थी

दीपक की पत्नी वसुंधरा देवी ने बताया कि पुलिस महिलाओं को घसीटते हुए गाड़ी में बैठाने का प्रयास कर रही थी। इस दौरान कोई भी महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी। वहीं, बेटी प्रतिमा ने आरोप लगाया कि आरक्षक राहुल राजावत और राहुल सिकरवार ने उनके साथ खींचातानी की। राहुल ने मोबाइल छीनने का प्रयास भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *