मध्य प्रदेश

ग्वालियर : भाजपा नेता पर हमला करने वाले गैंगस्टर का शॉर्ट एनकाउंटर..हत्या समेत 12 गंभीर केस, 10 हजार का इनामी !

भाजपा नेता पर हमला करने वाले गैंगस्टर का शॉर्ट एनकाउंटर

दोनों तरफ से 10 मिनट तक हुई ताबड़तोड़ फायरिंग; ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

घायल बदमाश कपिल यादव से जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में पूछताछ करती पुलिस। - Dainik Bhaskar

घायल बदमाश कपिल यादव से जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में पूछताछ करती पुलिस।

ग्वालियर पुलिस ने तीन दिन पहले भाजपा नेता और उसके भाई पर जानलेवा हमला करने वाले गैंगस्टर कपिल यादव को सोमवार सुबह शॉर्ट एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया।

तड़के करीब 4 बजे पुलिस ने मेला ग्राउंड में घेराबंदी की थी, जहां कपिल अपने साथी अमन यादव के साथ दिखाई दिया। मुठभेड़ के दौरान अमन पकड़ा गया, जबकि कपिल मौके से भाग निकला। पुलिस की टीमें उसके पीछे लगी रहीं।

दो घंटे बाद मोहनपुर के ईंट भट्‌टे के पास पुलिस और कपिल यादव का आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखते ही कपिल ने कट्टा तानकर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायर किया, जिसमें गोली कपिल के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर जेएएच ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, कपिल यादव जमीनों पर कब्जा कर अवैध वसूली करने वाला कुख्यात बदमाश है।

यहां पुलिस ने किया है शॉर्ट एनकाउंटर
यहां पुलिस ने किया है शॉर्ट एनकाउंटर

जमीन विवाद में भाजपा नेता पर किया था हमला

एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि तीन दिन पहले मुरार के बड़ागांव में जमीन विवाद को लेकर भाजपा नेता और उसके भाई पर हुए हमले में कपिल और उसके साथियों की तलाश जारी थी। सोमवार तड़के सूचना मिली कि आरोपी मेला ग्राउंड इलाके में वैगन आर कार में घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर अमन यादव को कट्टे के साथ पकड़ा, जबकि कपिल फरार हो गया।

सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार और टीआई मुरार मैना पटेल की टीम लगातार कपिल का पीछा करती रही। आखिरकार मोहनपुर में ईंट भट्‌ठे के पास मुठभेड़ हुई, जहां आरोपी ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की और करीब 10 मिनट बाद कपिल को दबोच लिया गया।

हत्या समेत 12 गंभीर केस, 10 हजार का इनामी

22 वर्षीय गैंगस्टर कपिल यादव 10वीं फेल है। पांच साल पहले जमीन को लेकर पहली बार मारपीट की थी। इसके खिलाफ मुरार और बिजोली थाने में हत्या, हत्या के प्रयास, अवैध वसूली समेत 12 गंभीर केस दर्ज हैं। उस पर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।

तीन दिन पहले वह भाजपा नेता की जमीन पर जबरन कब्जा कर रहा था, जबकि मामला न्यायालय में विचाराधीन है। विरोध करने पर उसने घातक हमला कर नेता और उसके भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इसने एक साल पहले सराफा कारोबारी की जमीन पर कब्जा करने के मामले में गोलियां चलाई थीं।

फिल्मी स्टाइल में फायरिंग, लाठी-डंडों से पिटाई

भिंड निवासी भाजपा नेता 38 वर्षीय पूरन सिंह भदौरिया की जमीन बड़ागांव में है, जिस पर कपिल, अमन, अमित और रामू यादव कब्जा करना चाहते थे। 21 नवंबर को पूरन भाई विनोद और साथियों के साथ जमीन देखने पहुंचे, तब आरोपी पत्थर डालकर सड़क बनवा रहे थे।

विरोध करने पर आरोपियों ने फिल्मी अंदाज में फायरिंग शुरू कर दी। उन्होंने फावड़ा लेकर पूरन के भाई विनोद के पैर पर वार किया, जिससे उसका पैर टूट गया। इसके बाद भी हमलावर नहीं रुके और लाठी-डंडों से मारपीट करते रहे।

भाजपा नेता बोले- मैं खुश हूं…

भाजपा नेता (दिल्ली में बूथ प्रभारी) पूरन सिंह का कहना है- मैं इलाज कराने दिल्ली आ गया हूं। बदमाश कपिल यादव के शॉर्ट एनकाउंटर में घायल होने की सूचना मिली है। मैं बहुत खुश हूं। पुलिस ने सही कार्रवाई की है। बदमाश बिना वजह मेरी जमीन पर प्लॉटिंग कर कब्जा करने का प्रयास कर रहा था।

कपिल यादव का आपराधिक रिकॉर्ड

  • साल 2020 में जमीन पर कब्जा करने को लेकर कपिल यादव व उसके साथियों ने मुरार इलाके में एक व्यक्ति से मारपीट व जान से मारने की धमकी दी थी। जिस पर उस पर मारपीट, जान से मारने की धमकी व एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामला कोर्ट में है।
  • साल 2021 में बदमाश कपिल यादव ने मुरार थाना क्षेत्र में एक युवक से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी थी। मामले में राजीनामा हो चुका है।
  • साल 2022 में मुरार थाने में बदमाश कपिल यादव के खिलाफ जमीन विवाद में मारपीट का मामला दर्ज हुआ था, जो अभी तक कोर्ट में चल रहा है।
  • साल 2022 में बदमाश कपिल यादव पर फिर मुरार थाने में मारपीट का केस दर्ज किया गया था। मामले में राजीनामा का दबाव डालने मारपीट की गई थी, जो कोर्ट में विचाराधीन है।
  • साल 2022 में दो और मामले मुरार थाने में दर्ज किए गए थे। यह भी जमीन पर कब्जा करने को लेकर मारपीट के थे। इसमें जमीन मालिक पर लाठी डंडों से हमला किया गया था।
  • साल 2022 में कपिल यादव मुरार क्षेत्र की हद से निकलकर बिजौली इलाके तक पहुंचा। यहां उसने जमीन की रंजिश पर एक युवक पर अवैध हथियारों से फायरिंग की। यहां एक युवक गोली लगने से घायल हुआ था, जिस पर बिजौली थाना पुलिस ने बदमाश कपिल यादव पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। यह मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है।
  • साल 2023 में बदमाश कपिल यादव ने मुरार के बड़ागांव इलाके में एक जमीन की रंजिश पर सराफा कारोबारी महावीर जैन व उसके बेटे को घेरकर फायरिंग की थी। व्यापारी और उसके बेटे ने एक स्कूल में छिपकर अपनी जान बचाई थी। मुरार थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। बदमाश ने साल 2024 में सरेंडर किया था। इस मामले में वह 5 महीने पहले छूटकर आया था। मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
  • साल 2023 में बदमाश कपिल यादव ने एक विवाद में युवक की हत्या कर दी थी, जिस पर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। साथ ही बलवा की धाराएं भी लगाई गई थीं। यह मामला अभी कोर्ट में हैं और इसमें गवाहों के बयान होने हैं।
  • साल 2024 में बदमाश कपिल यादव पर साल 2024 में भी जमीन विवाद और अवैध वसूली को लेकर दो मारपीट के मामले दर्ज किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *