खौफनाक खेल, 1500 लोगों को बनाया हनीट्रैप का शिकार !!!
खौफनाक खेल, 1500 लोगों को बनाया हनीट्रैप का शिकार, धमकी देकर वसूले लाखों रुपए
Telangana Karimnagar: एक दंपत्ति ने कर्ज के दलदल से बाहर निकलने के लिए हनीट्रैप का गलत काम शुरू कर दिया और करीब 1500 लोगों को जाल में फंसाया.
तेलंगाना पुलिस ने हनीट्रैप के आरोप में एक दंपत्ति को गिरफ्तार किया है.
तेलंगाना के करीमनगर जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरेपल्ली इलाके में रहने वाले एक दंपत्ति को पुलिस ने ‘हनीट्रैप’ और ब्लैकमेलिंग के एक बड़े नेटवर्क का संचालन करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. इस दंपत्ति ने कर्ज के दलदल से बाहर निकलने के लिए अपनी नैतिकता को ताक पर रख दिया और अब तक करीब 1500 पुरुषों को अपने जाल में फंसा चुके हैं.
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पत्नी इंस्टाग्राम पर ‘Lallydimplequeen’ और यूट्यूब पर ‘Karimnagar pilla 143’ जैसे हैंडल्स के जरिए पुरुषों को अपनी ओर आकर्षित करती थी. वह मीठी बातों और ग्लैमरस तस्वीरों के जरिए लोगों को दोस्ती के लिए उकसाती और फिर उन्हें अपने कमरे पर बुलाती थी. जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला ने करीब 100 पुरुषों के साथ शारीरिक संबंध बनाए, जबकि उसका पति गुप्त रूप से इन पलों के वीडियो रिकॉर्ड करता था. इन वीडियो का इस्तेमाल बाद में उन पुरुषों को ब्लैकमेल करने और उनसे मोटी रकम वसूलने के लिए किया जाता था.
ब्लैकमेलिंग के पैसों से खरीद ली जमीन
इस गलीज धंधे से होने वाली काली कमाई ने दंपत्ति को रातों-रात अमीर बना दिया. ब्लैकमेलिंग के पैसों से उन्होंने आरेपल्ली में 65 लाख रुपये की जमीन (प्लॉट) खरीदी, 10 लाख रुपये की आलीशान कार ली और अपने घर में लाखों का महंगा फर्नीचर लगवाया. पुलिस के अनुसार, यह सब उन्होंने महज कुछ ही महीनों के भीतर हासिल किया.
बार-बार ब्लैकमेल होने पर लॉरी व्यवसायी ने हिम्मत दिखाई
इस घिनौने खेल का पर्दाफाश तब हुआ जब करीमनगर के एक लॉरी व्यवसायी ने हिम्मत दिखाई. पीड़ित व्यवसायी को आरोपियों ने ब्लैकमेल कर 13 लाख रुपये पहले ही वसूल लिए थे. जब दंपत्ति की भूख और बढ़ी और उन्होंने दोबारा 5 लाख रुपये की मांग की, साथ ही वीडियो वायरल करने और परिवार को जान से मारने की धमकी दी, तब व्यवसायी ने पुलिस की शरण ली.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया है. उनके पास से आपत्तिजनक वीडियो वाले मोबाइल फोन, नकदी, और कई खाली चेक बरामद किए गए हैं. पूछताछ में सामने आया कि यह सब कर्ज चुकाने और विलासिता पूर्ण जीवन जीने की सनक में किया गया था.

