चोला तो साधु का और गोहत्या हो रही, आप बताइए कालनेमि कौन?
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद 6 दिन से प्रयागराज माघ मेले में धरने पर बैठे हैं। वो कहते हैं- मुस्लिमों में जो धर्मगुरु होता है, वही खलीफा (राष्ट्र का अध्यक्ष) होता है। हिंदू धर्म में खलीफा परंपरा को लाया जा रहा है।
सनातन में कालनेमि वाले बयान पर शंकराचार्य ने कहा- चोला तो साधु का है और गोहत्या हो रही है। अब आप बताइए कि कालनेमि कौन है?
केशव प्रसाद मौर्य के विवाद को विराम देने के निवेदन पर वह कहते हैं- ये BJP की प्रारंभिक भावना को प्रदर्शित करने वाला बयान है, मगर आज वाली BJP लोगों को स्वीकार नहीं।
गंगा स्नान पर वह कहते हैं- आदर से स्नान की परंपरा है, निरादर से स्नान की परंपरा नहीं है। रामभद्राचार्य ने कहा- एडमिनिस्ट्रेशन ने नोटिस देकर सही किया, इस पर शंकराचार्य ने कहा- उनकी बात मत करिए, वो दोस्ती निभा रहे हैं।
पढ़िए पूरा इंटरव्यू…
सवाल : योगी कहते हैं, कुछ लोग सनातन को कमजोर कर रहे, इशारा आपकी तरफ?
जवाब : हां, कुछ लोग सनातन को कमजोर कर रहे, ये बिल्कुल सही है। सनातन में परंपरा रही है कि राजा और धर्माचार्य अलग होते थे। राजगुरु होते थे, राजा खुद गुरु नहीं होते थे। ये मुस्लिमों में परंपरा है, वहां खलीफा परंपरा है।
इसके मायने हैं कि जो राष्ट्र का अध्यक्ष होता है, वही धर्मगुरु भी होता है। हिंदू धर्म में खलीफा परंपरा को लाने का प्रयास किया जा रहा। जो राजा है, वही गुरु भी है। जो लोग हिंदू धर्म में खलीफा परंपरा लेकर आ रहे हैं, वही लोग हिंदू धर्म को कमजोर कर रहे।
सवाल : योगी ने कालनेमि का जिक्र किया, जो धर्म को नष्ट कर रहा?
जवाब : कालनेमि कौन है? कालनेमि राक्षस था और साधु बनकर सामने दिखाई दे रहा था। राक्षस क्या करता था, ब्राह्मण, मानव, गायों को मार दे, चोला साधु का पहनता है। यहां देखिए, चोला तो साधु का है और गोहत्या हो रही। अब आप बताइए कि कालनेमि कौन है?
सवाल : केशव मौर्य ने आपसे कहा कि स्नान करके मामले को विराम दें?
जवाब : ये वो वाली BJP है, जो शुरू में आई थी कि हम हिंदुओं के लिए काम करेंगे। केशव प्रसाद मौर्य ने उसी BJP की प्रारंभिक भावना का प्रदर्शन किया, जो स्वागत योग्य है। इसी BJP को लोगों ने अपनाया था। ये वाली जो BJP अब आ गई है, हम जो चाहेंगे वो करेंगे, कोई कुछ भी कहे, हम सुनेंगे ही नहीं। ये वाली BJP लोगों को स्वीकार नहीं है।
सवाल : आपने कहा कि पहले मौनी का स्नान, फिर बसंत का, आज का दिन बीता, कल कौन सा?
जवाब : मौनी अमावस्या के दिन, जब सुबह हम अपने शिविर से निकलते थे, तब इस आशय के साथ निकले थे कि हम संगम जाएंगे, वहां स्नान होगा। पिछले वर्षों में जैसे जाते रहे हैं, वैसे ही जा रहे थे। फिर हमको संगम स्नान करने में बाधा डाली गई, अभद्रता और अपराध किए गए। जब तक क्षमा याचना का स्पष्ट शब्द नहीं आता है, भविष्य में ऐसी घटना नहीं होगी, ये साफ नहीं होता है, तब तक स्नान करने का क्या मतलब है।
तुलसीदास ने कहा था- देव दनुज किन्नर नर श्रेणी। सादर मज्जहिं सकल त्रिबेनी॥
आदर से स्नान की परंपरा है, निरादर से स्नान की परंपरा नहीं है।
सवाल : संत समाज दो हिस्सों में बंटा है, इस पर क्या कहेंगे?
जवाब : ये शैली राजनीति की है, जिस तरफ ज्यादा लोग हों, वो भारी पड़ जाता है। ये शैली साधु महात्मा में नहीं चलती है। यहां ये नहीं होता कि किसके पास कितने साधु हैं। ये राजनीति में देखा जाता है कि किसके पास कितने वोट हैं। हमारे यहां देखा जाता है कि कौन शास्त्र सम्मत बोल रहा है। ये राजनीति नहीं है। यहां भीड़ नहीं दिखाई देती है।
सवाल : माघ मेला के घटनाक्रम को अपना अपमान क्यों मान रहे?
जवाब : ये जो माघ मेला है, जब मुगल काल चल रहा था, तब यहां जजिया कर लगा दिया गया था। जो हिंदू टैक्स देता था, वही स्नान कर पाता था। ऐसे वक्त में अगल-बगल पेशवाओं का राज था, वो शंकराचार्य के पास गए कि महाराज जी आप आइए, ये बहुत गलत हो रहा है। तब शंकराचार्य आए, अपनी जान की परवाह नहीं की। हिंदुओं के साथ स्नान किया।
कहा कि है किसी की औकात तो आओ, हम स्नान के लिए आए हैं। तब उन्हें देखकर लोग आते गए और आज ये स्थिति है। तब से शंकराचार्यों ने स्नान का नियम बनाया हुआ है, क्योंकि जब शंकराचार्य ने कई वर्षों में ये परंपरा स्थापित की। जिन शंकराचार्य ने स्नान का अवसर दिलाया, आज तुम लोग उन्हीं का अपमान करोगे, ये कैसे स्वीकार कर लिया जाए।
सवाल : प्रशासन जमीन और सुविधाएं वापस ले लेगा, क्या कहेंगे?
जवाब : क्या हम उनके टुकड़ों पर जी रहे। वो सुविधा नहीं देंगे, तो क्या हम जिएंगे नहीं। 100 करोड़ सनातनियों का शंकराचार्य क्या उनका मोहताज है कि प्रशासन हमें कुछ दे तो हम अपना काम चलाएं। उनको जो लेना हो, वो ले लें, लेकिन अपमान करने का अधिकार उनको नहीं है। नहीं है… नहीं है।
सवाल : रामभद्राचार्य जी ने कहा है कि आपको नोटिस देकर सही किया?
जवाब : उनकी बात मत करिए, वो दोस्ती निभा रहे हैं। उनको लोग गंभीरता से नहीं लेते हैं क्योंकि वो कुछ भी बोलते हैं। देखिए, यहां साधुओं, बटुकों को मारा गया और वो इस तरह की भाषा बोलते हैं। इसका मतलब उन्हें सहानुभूति राजनेताओं से ज्यादा है। वो हमारे कुल का है ही नहीं। अगर हमारे कुल का होता तो उसको हमारा दर्द होता।
सवाल : रामभद्राचार्य जी ने कहा कि पालकी से नहीं जाना चाहिए था?
जवाब : उनके गाल पर थप्पड़ खुद जनता ने मारा है। उनके वीडियो इंटरनेट पर तैर रहे हैं, जिसमें वो खुद आडी कार से गंगा के किनारे तक स्नान करने गए, वहीं डुबकी लगा रहे हैं। जनता ने बहुत करारा थप्पड़ रामभद्राचार्य को मारा है।
हमको वो क्या कहेंगे? जहां तक पालकी की बात है, पेशवा भी हमारी पालकी उठवाकर लाते थे। नागा साधु हमारी पालकी उठवाते थे। अब हम आए हैं। पिछले 2 माघ स्नान हम पालकी के साथ कर चुके हैं।

सवाल : शंकराचार्य की पदवी को लेकर आखिर विवाद क्या है, कोर्ट में स्टेटस?
जवाब : इसका कोई विवाद नहीं है। लोग सिर्फ दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि विवाद है। एक सोने के टुकड़े को सामने रखिए और कहिए कि मैं तुम्हें सोना नहीं मानता हूं। तो सोने को क्या फर्क पड़ेगा। अगर नहीं मानता, तो कसौटी के पत्थर पर मुझे रगड़कर देख ले या कटर से काटकर मेरे अंदर झांक ले या भट्ठी में तपाकर मुझे देख ले।
इसलिए ये विवाद उठाने से कुछ नहीं होता है, जो है, वो वैसा ही रहेगा। उल्लू कहता है कि अंधेरा है, सूरज तो उगा ही नहीं, तो क्या सूरज उगा नहीं होता है, ये क्या बात होती है।
सवाल : शंकराचार्य को शंकराचार्य ही चुनते हैं, कोर्ट का फैसला खिलाफ आया, तब क्या करेंगे?
जवाब : हमारे विपरीत क्यों आएगा, क्या कोर्ट मनमानी कर देंगे। कोर्ट निर्णय नहीं करेगी कि कौन शंकराचार्य है? ये जान लीजिए, कोर्ट में मामला होने का ये मतलब नहीं है कि वो कोई निर्णय करेंगे। कोर्ट सिर्फ ये देखेगी कि 2 पक्ष हैं, 1 पक्ष कह रहा है कि मैं शंकराचार्य हूं।
दूसरा कह रहा है कि मैं शंकराचार्य हूं। कोर्ट देखेगा कि प्रक्रिया किसकी सही है। जिसका सही होगा, उसको हां कह दिया जाएगा। जिसका नहीं होगा, उसको न कह दिया जाएगा। हमारी प्रक्रिया पूरी सही है, इसलिए कोर्ट कुछ मनमाना नहीं कर सकती है।
अब जानिए कि मौनी अमावस्या के स्नान के वक्त क्या हुआ था…
18 जनवरी को माघ मेले में मौनी अमावस्या पर अविमुक्तेश्वरानंद पालकी में स्नान करने जा रहे थे। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की पालकी पुलिस ने रोक दी। पुलिस ने उनसे पैदल संगम जाने को कहा। शंकराचार्य के शिष्य नहीं माने और पालकी लेकर आगे बढ़ने लगे।
इस पर शिष्यों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। पुलिस ने कई शिष्यों को हिरासत में ले लिया था। पुलिस ने एक साधु को चौकी में भी पीटा था। इससे शंकराचार्य नाराज हो गए थे और शिष्यों को छुड़वाने पर अड़ गए। अफसरों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, हाथ जोड़े, लेकिन वे नहीं माने।
इसके बाद पुलिस ने शंकराचार्य के कई और समर्थकों को हिरासत में ले लिया था। शंकराचार्य की पालकी को खींचते हुए संगम से 1 किमी दूर ले जाया गया। इस दौरान पालकी का क्षत्रप भी टूट गया। शंकराचार्य स्नान भी नहीं कर पाए। इसके बाद से वह संगम के तट पर धरना दे रहे हैं।
…………………………………………………………..
संत की अपनी कोई प्रॉपर्टी नहीं, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का नाम लिए बगैर भड़के CM योगी
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने मेला प्राधिकरण के दूसरे नोटिस का जवाब भेज दिया है. अविमुक्तेश्वरानंद ने जवाब में कहा, “पालकी से चलना सनातन परंपरा का अभिन्न हिस्सा है. यह परंपरा आदि शंकराचार्य के काल से भी 2500 साल पुरानी है. उन्होंने अधिकारियों पर शंकराचार्य की मर्यादा भंग करने का आरोप भी लगाया.

प्रयागराज में माघ मेले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और प्रशासन के बीच विवाद बढ़ता ही जा रहा है. एक ओर मेला प्राधिकरण ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को एक और नोटिस भेजा है, साथ ही यह भी चेतावनी दी कि उनके मेले में आने पर रोक भी लगाई जा सकती है. अब इस मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ की भी एंट्री हो गई है. सीएम ने किसी का नाम लिए बगैर ही कहा कि एक योगी और संन्यासी के लिए व्यक्तिगत प्रॉपर्टी नाम की कोई चीज नहीं होती, धर्म ही उसकी असली प्रॉपर्टी होती है.
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर प्रदेश में जारी सियासत के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ लफ्जों में निशाना साधते हुए कहा, “एक योगी, एक संत के लिए या फिर संन्यासी के लिए धर्म और राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं होता, उसकी व्यक्तिगत प्रॉपर्टी भी कुछ नहीं होती, धर्म ही उसकी प्रॉपर्टी होती है. राष्ट्र ही उसका स्वाभिमान होता है.”
बहुत से कालनेमि, सतर्क रहना होगाः CM योगी
उन्होंने आगे कहा, “अब कोई धर्म के खिलाफ आचरण करता है, तो ऐसे बहुत कालनेमि होंगे जो धर्म की आड़ में सनातन धर्म को कमजोर करने की साजिश रच रहे होंगे, हमें ऐसे लोगों से सतर्क रहना होगा.”
इस बीच स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने मेला प्राधिकरण की ओर से भेजे गए दूसरे नोटिस का जवाब भेज दिया है. अविमुक्तेश्वरानंद ने अपने जवाब में कहा, “पालकी से चलना सनातन परंपरा का अभिन्न हिस्सा है. यह परंपरा आदि शंकराचार्य के काल से भी 2500 साल पुरानी है. उन्होंने अधिकारियों पर शंकराचार्य की मर्यादा भंग करने का आरोप भी लगाया.
धार्मिक भावना पर सीधा हमलाः अविमुक्तेश्वरानंद
जवाब में यह भी कहा गया कि उनके अनुयायियों के साथ मारपीट की गई और उन्हें अपमानित भी किया गया. पुलिस पर पालकी घसीटने और अपराधियों जैसा व्यवहार करने का भी दावा किया है. साथ ही परेड कराकर सार्वजनिक उपहास उड़ाने का गंभीर आरोप लगाया गया है.
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की ओर से आरोप लगाया गया कि पालकी को जानबूझकर खतरनाक जगह ले जाया गया. उन्होंने नदी में गिराने की कोशिश को हत्या करने की कोशिश के बराबर बताया. उन्होंने कहा, “यह धार्मिक भावना पर सीधा हमला है.”
सरकार के पास बस बुलडोजर ही हैः अविमुक्तेश्वरानंद
मेले के शिविर हटाए जाने की बात पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा, “इस सरकार के पास एक बुलडोजर ही तो है, चलवा दे हमारे शिविर पर. हम तो वैसे भी फुटपाथ पर बैठे हैं वहीं से देखेंगे.”
मेला प्रशासन की ओर से भूमि आवंटन को रद्द किए जाने और आगे से मेला में प्रवेश प्रतिबंधित किए जाने पर शंकराचार्य ने कहा कि ये लोग किस स्तर तक जाएंगे, यही देखते हैं. हमने नोटिस का जवाब दे दिया है लेकिन 18 जनवरी के नोटिस को कानूनगो कल बताते हैं कि यहां चस्पा किया था, फिर भी हमने जवाब दे दिया है.
कुछ संतों की ओर से उनके खिलाफ बयान दिये जाने पर शंकराचार्य ने कहा, “वो सब कार्यकर्ता हैं, सरकार के, बीजेपी के, तो अपना काम कर रहे हैं. उन्हें जैसा निर्देश होता है वैसा बोलते हैं.”

