गुंडों से घिरी राजधानी ?

रविवार को दिनदहाड़े सुबह 11 बजे रीवा के एक हिस्ट्रीशीटर पर भोपाल में अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले युवक को कार से खींचकर बाहर निकाला और जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उसके ऊपर रॉड, हथौड़ा और सब्बल से हमला किया। हमले में युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। हमले में घायल युवक को बंसल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वारदात कोलार इलाके में नेताजी हिल्स में हुई।
वहीं, युवक के भाई के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और बलवा का मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
दोनों गाड़ियों में करीब छह बदमाश थे, आरोपी फरार
पुलिस ने बताया कि घायल कुलदीप सिंह रीवा का रहने वाला है। कुलदीप के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और बलवा समेत कुल 12 मामले दर्ज हैं। कुलदीप हिस्ट्रीशीटर है। वह भोपाल अपनी मंगेतर से मिलने कोलार इलाके में अपने रिश्ते के भाई के साथ आया था।
यहां नेताजी हिल्स के नीचे आते समय कुलदीप की स्कॉर्पियो गाड़ी के सामने बदमाशों ने अपनी स्कॉर्पियो अड़ा दी। इसके बाद कुलदीप की गाड़ी के पीछे एक दूसरी बोलेरो भी आकर लग गई। दोनों गाड़ियों में करीब छह बदमाश सवार थे। सभी ने पहले कुलदीप को नीचे उतारा, इसके बाद उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसके रिश्ते के भाई के साथ भी बदमाशों ने मारपीट की।
पीड़ित को हत्या के केस में हो चुकी है उम्रकैद
पीड़ित कुलदीप को रीवा में हत्या के एक मामले में 10 साल पहले उम्रकैद की सजा हुई थी। कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि कुलदीप पिछले साल नवंबर महीने में ही 10 साल बाद जेल से बाहर आया है। वह भोपाल अपनी मंगेतर से मिलने के लिए पहुंचा था। यहां अज्ञात बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुरानी रंजिश के चलते हमले की आशंका
पुलिस का कहना है कि कुलदीप विवादों में रहता था। हमले के तरीके को देखते हुए आशंका है कि आरोपियों ने पहले कुलदीप का पीछा किया और फिर उसकी गाड़ी रोककर उस पर हमला किया। रीवा पुलिस से भी इस मामले में संपर्क किया गया है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

