मध्य प्रदेश

शहर में पहली बार बन रही है व्हाइट-टॉपिंग की सड़कें…कंपनी पर संसाधन ही नहीं !!

शहर में पहली बार बन रही है व्हाइट-टॉपिंग की सड़कें…
एक ही कंपनी को दिए दो ठेके, सिरोल में हो रहा काम झांसी रोड पर बंद, क्योंकि कंपनी पर संसाधन ही नहीं

शहर में पहली बार हो रहा व्हाइट टॉपिंग का काम लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। दरअसल, झांसी रोड और सिरोल रोड परा व्हाइट टॉपिंग का काम करने के लिए एक ही कंपनी तोमर बिल्डर्स को दोनों टेंडर दे दिए हैं। अब कंपनी समय पर काम पूरा करने के लिए दोनों जगहों पर मशीनरी और स्टाफ एक साथ उपलब्ध नहीं करा पा रही है।

जिस वजह से कंपनी कभी सिरोल रोड पर काम कराती है तो कभी यहां बंद करके झांसी रोड काम किया जा रहा। इस कुप्रबंधन के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। वहीं अधिकारी मान रहे हैं कि अभी दोनों सड़कों के निर्माण में समय है। इसलिए तय समय तक काम हो जाएगा।

झांसी रोड: यहां 4.5 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 16 करोड़ का टेंडर हुआ है। 30 जुलाई को वर्क ऑर्डर जारी हुआ। तब से अब तक कंपनी ने विक्की फैक्ट्री से तपोवन के पास तक ही व्हाइट टॉपिंग का काम किया है। अब कई दिन से काम बंद है। तर्क दिया जा रहा है कि अतिक्रमण नहीं हट सके हैं और बस स्टैंड के सामने की सड़क पर कॉम्पेक्शन नहीं हुआ है।

सिरोल रोड: न्यू कलेक्ट्रेट के पीछे अशोक स्तंभ तिराहे से अलापुर तिराहे तक की सड़क पर 8 करोड़ में व्हाइट टॉपिंग किए जाने का ठेका इसी कंपनी को मिला है। कंपनी ने अलापुर तिराहे से न्यू कलेक्ट्रेट आने वाली साइड पर कई महीने पहले आधा-अधूरा ही काम किया।

फिर यहां से मशीनरी झांसी रोड शिफ़्ट कर दी। लेकिन बिना प्लानिंग किए जा रहे इन कामों में कंपनी ने झांसी रोड से मशीनरी-स्टाफ फिर से सिरोल शिफ्ट कर दी। यहां दूसरी साइड पर निर्माण शुरू कर दिया है। लेकिन पहली साइड पर काम अधूरा है। इससे झांसी बायपास, सिरोल से कलेक्ट्रेट-सिटी सेंटर का ट्रैफिक लोड जीएसटी दफ्तर वाली सड़क पर बढ़ गया है।

दोनों सड़कों पर चल रहा है तेजी से काम

झांसी-सिरोल रोड दोनों सड़कों पर काम लगातार कराया जा रहा है। झांसी रोड में वाटर लाइन और दूसरी कुछ समस्याएं सामने आ रही हैं। जिनका समाधान जल्द हो जाएगा। जिसके बाद काम तेजी से हो जाएगा। वहीं सिरोल रोड पर काम चल रहा है। अभी कंपनी के पास पर्याप्त समय है। ऐसे में तय समय में काम पूरा हो जाएगा। – देवेंद्र सिंह भदौरिया, कार्यपालन यंत्री/पीडब्ल्यूडी

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *