मध्य प्रदेशस्वास्थय

इंदौर MGM मेडिकल कॉलेज में फर्स्ट ईयर MBBS छात्र ने लगाई फांसी!

 टूट गया डॉक्टर बनने का सपना, इंदौर MGM मेडिकल कॉलेज में फर्स्ट ईयर MBBS छात्र ने लगाई फांसी

Indore News: इंदौर के MGM मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में फर्स्ट ईयर MBBS छात्र अंतरिक्ष अग्रवाल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना पर पुलिस और FSL टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की.

इंदौर के महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में फर्स्ट ईयर एमबीबीएस छात्र अंतरिक्ष अग्रवाल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. यह घटना 2 फरवरी की बताई जा रही है, जहां एमजीएम मेडिकल कॉलेज के भीमराव आंबेडकर (BR Ambedkar) हॉस्टल ब्लॉक के रूम नंबर 43 में हुई. 

जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र मूल रूप से ग्वालियर का निवासी था और इंदौर में रहकर मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था. घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

कौन था अंतरिक्ष अग्रवाल?

दरअसल, अंतरिक्ष अग्रवाल एमजीएम मेडिकल कॉलेज में फर्स्ट ईयर का छात्र था और बॉयज हॉस्टल में रह रहा था. 2 फरवरी शाम करीब 5:30 बजे जब उसका रूममेट कॉलेज से वापस लौटा तो उसने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है. रूम मेट ने कई बार दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद आसपास के छात्रों को बुलाया गया और सभी ने मिलकर दरवाजा तोड़ा. 

दरवाजा खुलते ही छात्र अंतरिक्ष अग्रवाल को कमरे के अंदर फांसी पर लटका हुआ पाया गया. यह देखते ही हॉस्टल में अफरा तफरी का माहौल बन गया और तत्काल हॉस्टल वार्डन तथा कॉलेज के डीन को सूचना दी गई. रूम मेट के अनुसार अंतरिक्ष अग्रवाल पढ़ाई को लेकर काफी दबाव में रहता था और हाल के दिनों में वह तनाव में नजर आ रहा था. घटना वाले दिन वह कॉलेज भी नहीं गया था और दोपहर के समय भी कमरे से बाहर नहीं निकला था. उसने बताया कि आमतौर पर उसे पढ़ाई को लेकर चिंता रहती थी, लेकिन ऐसा कुछ उसने जिक्र नहीं किया. 

फॉरेंसिक टीम कर रही हर पहलू पर जांच

कॉलेज प्रबंधन की ओर से तुरंत संयोगितागंज थाना पुलिस को जानकारी दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू की. पुलिस ने कमरे का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद छात्रों से पूछताछ की. संयोगितागंज एसीपी तुषार सिंह ने एएनआई को बताया कि जैसे ही कॉलेज डीन द्वारा सूचना दी गई, पुलिस और एफएसएल की पूरी टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी. जांच के दौरान हर पहलू को ध्यान में रखा जा रहा है और सभी साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है. पुलिस ने मृतक छात्र के परिजनों को भी ग्वालियर में इस घटना की जानकारी दे दी है.

पुलिस का कहना है कि फिलहाल पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है और एफएसएल टीम अपनी रिपोर्ट तैयार कर रही है. अभी तक किसी सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. कॉलेज प्रशासन ने छात्र की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है और कहा है कि वे जांच में पुलिस को पूरा सहयोग करेंगे, ताकि घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट रूप से पता लगाया जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *