मंदसौर: ड्रग्स फैक्ट्री में पुलिस की दबिश ,2 अरेस्ट !
मंदसौर: ड्रग्स फैक्ट्री में पुलिस की दबिश, 12KG से अधिक क्रूड एमडी केमिकल बरामद, 2 अरेस्ट
मंदसौर पुलिस को ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने एमडी ड्रग्स के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस आगे की कार्रवाई की कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, बीती रात्रि मंदसौर जिले के 6 थानों के करीब 70 से अधिक पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से चम्बल नदी के किनारे बसे गांव सुरजना में दबिश दी. पुलिस ने पूरे गांव की घेराबंदी की और नदी से होते हुए जंगल के रास्ते एमडी बनाने की फैक्ट्री तक पहुंची, पुलिस की यह कार्रवाई देर रात तक चली. मंदसौर एसपी ओर रतलाम डीआईजी निमिष अग्रवाल ने गरोठ पहुंच कर पूरी कार्रवाई की समीक्षा की.
‘दो वर्षों से ड्रग्स के कारोबार में लिप्त थे आरोपी’
रतलाम रेंज डीआईजी निमिष अग्रवाल ने बताया की दोनों आरोपी करीब दो वर्षों से एमडी ड्रग्स के धंधे में लिप्त थे. हाल ही में इनके द्वारा जंगली एरिया ढूंढकर एमडी बनाने के लिए खेत पर पूरा सेटअप जमाया था,पुलिस अब दोनों गिरफ्तार आरोपी दीपक और सुमित से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि यह एमडी ड्रग्स बनाने के केमिकल कहां से लाते थे और ड्रग्स बनाकर कहां बेचते थे.
डीआईजी बोले-आगे की जारी रहेगी इस तरह की कार्रवाई
डीआईजी निमिष अग्रवाल ने बताया कि पुलिस लगातार ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, बीते दिनों रतलाम जिले के चिकलाना में भी पुलिस को इसी तरह की फैक्ट्री पकड़ने में सफलता मिली थी. अब उसके बाद मंदसौर के गरोठ में पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है. ड्रग्स के खिलाफ मध्य प्रदेश पुलिस का लगातार अभियान जारी है, आगे इसी सख्ती से इस अभियान को चलाया जाएगा.

