मध्य प्रदेश

भिंड में मिठाई, डेयरी और किराना दुकानों पर छापे !!!!

भिंड में मिठाई, डेयरी और किराना दुकानों पर छापे
75 किलो खुली मिर्च जब्त, लड्डू-पनीर-मावा के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे

भिंड जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए फूड सेफ्टी विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को संभागीय उड़नदस्ता दल ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में मिठाई, डेयरी, होटल और किराना दुकानों पर औचक छापामार कार्रवाई की। जांच के दौरान मिठाइयों, मावा, पनीर और किराना सामग्री के सैंपल लिए गए। नियमों के उल्लंघन पर खाद्य सामग्री जब्त की गई और दुकानदारों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

संभागीय उड़नदस्ता दल ने सबसे पहले प्रतापपुरा, गोरमी स्थित महेश डेयरी से मावा का सैंपल लिया। इसके बाद गोरमी क्षेत्र के सैपुरा, जर्पुरा, अरेले का पुरा और हसनपुरा में संचालित डेयरियों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान अधिकांश डेयरियां बंद पाई गईं।

भिंड में गांव की डेयरियों पर पहुंची टीम।
भिंड में गांव की डेयरियों पर पहुंची टीम।

शहर की मिठाई दुकानों से लड्डू, पनीर और बर्फी के सैंपल

भिंड शहर में टीम ने सब्जी मंडी स्थित दाऊजी स्वीट्स से बूंदी लड्डू और पनीर के सैंपल लिए। वहीं बंगाली स्वीट्स से चॉकलेट बर्फी और मावा पेड़ा के नमूने भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

फूड सेफ्टी टीम ने होटल माखनभोग का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान होटल में साफ-सफाई की कमी पाई गई, जिस पर संचालक को स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

किराना दुकान से 75 किलो खुली लाल मिर्च जब्त

टीम ने राजधानी किराना दुकान से बटन मशरूम, तुअर दाल और लाल मिर्च पाउडर के सैंपल लिए। जांच के दौरान दुकान पर खुले में लाल मिर्च पाउडर का विक्रय पाया गया, जो नियमों के विरुद्ध है। इस पर 75 किलो खुली लाल मिर्च जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 18 हजार रुपए बताई गई है।

फूड सेफ्टी विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।​​​​​​​

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *