क्राइममध्य प्रदेश

भिंड में डॉ अंबेडकर की आत्मकथा जलाने की कोशिश !!!

परशुराम सेना और पुलिस के बीच छीनाझपटी
भिंड में डॉ अंबेडकर की आत्मकथा जलाने की कोशिश; दो घंटे चला ड्रामा

भिंड शहर के परेड चौराहे पर शनिवार दोपहर उस वक्त हालात बेकाबू होते नजर आए, जब खनियाधाना में मनुस्मृति जलाए जाने के विरोध में परशुराम सेना और सवर्ण समाज ने अंबेडकरवादी विचारधारा जलाने की कोशिश की।

इस दौरान डॉ. भीमराव अंबेडकर की आत्मकथा जलाने के प्रयास को लेकर पुलिस और परशुराम सेना के पदाधिकारियों के बीच तीखी छीना-झपटी हो गई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।

पुलिस ने रोका, भड़क गया विवाद

जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान अंबेडकर की आत्मकथा को सामने रखकर जलाने की कोशिश की गई। मौके पर तैनात पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर इसे रोक दिया। इसी बात को लेकर परशुराम सेना के जिला अध्यक्ष देवेश शर्मा और पुलिसकर्मियों के बीच काफी देर तक तनातनी बनी रही।

सरकार पर दोहरी नीति का आरोप

परशुराम सेना के जिला अध्यक्ष देवेश शर्मा ने आरोप लगाया कि सनातन धर्म की बात करने वाली सरकार मनुस्मृति जलाए जाने पर चुप रहती है, लेकिन विरोध करने वालों पर कार्रवाई करती है। उन्होंने अंबेडकरवादी विचारधारा के खिलाफ आंदोलन जारी रखने की चेतावनी भी दी।

नारेबाजी और उग्र बयान

प्रदर्शन के दौरान सवर्ण समाज के पदाधिकारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सवर्ण आर्मी के पदाधिकारी शिवम पचौरी ने कहा कि समाज की भावनाओं को लगातार नजरअंदाज किया गया तो विरोध और उग्र होगा।

लाइव आकर जलाने की कोशिश, हिरासत में लिया

स्थिति तब और गंभीर हो गई जब परशुराम सेना के जिला उपाध्यक्ष बंटी पुरोहित अकेले परेड चौराहे पहुंचे और सोशल मीडिया पर लाइव आकर अंबेडकर की आत्मकथा जलाने की कोशिश की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

दो घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा

पुलिस को पहले से आंदोलन की सूचना थी, इसी कारण परेड चौराहे और परशुराम सेना के जिला अध्यक्ष के निवास के आसपास अतिरिक्त बल तैनात किया गया था। करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस की सक्रियता से हालात काबू में रहे और किसी बड़ी अप्रिय घटना को टाल लिया गया।

इस मौके पर रिशेंद्र सिंह अध्यक्ष राष्ट्रीय सवर्ण आर्मी, विनीत शर्मा, रोमी चौहान (राम सेना),शुभम पचौरी (हिंदू शक्ति संगठन) कुलदीप शर्मा, बांकेबिहारी शर्मा, राहुल यादव, मंतोष सिंह, कुलदीप गुर्जर, अनुराग भदौरिया, राहुल गुर्जर मौजूद रहे।

FIR करने की मांग पर प्रदर्शन

इधर भीम आर्मी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने कोतवाली थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी अंबेडकर की आत्मकथा जलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ एफआईआर करने की मांग कर रहे हैं। दो दिन पहले शिवपुरी जिले के खनियाधाना में भीम आर्मी द्वारा मनुस्मृति दहन दिवस मनाया था। इस दौरान मंच से मनुस्मृति जलाए जाने का वीडियो आया।

इस मौके पर मौजूद भीम आर्मी के पूर्व संभागीय प्रभारी देशराज धरिया ने कहा कि अंबेडकर की आत्मकथा जलाने का प्रयास गंभीर अपराध है। जब तक बाबा साहब का अपमान करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक कोतवाली पर प्रदर्शन जारी रहेगा।

फिलहाल स्थिति को देखते हुए कोतवाली थाना परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *