UP: सीतापुर में क्षेत्र पंचायत सदस्य संतोष सिंह की गोली मारकर हत्या, क्षत-विक्षत हुआ चेहरा

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में शुक्रवार की रात बाइक से घर लौट रहे क्षेत्र पंचायत सदस्य संतोष सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में शुक्रवार की रात बाइक से घर लौट रहे क्षेत्र पंचायत सदस्य संतोष सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। संतोष सिंह के चेहरे पर गोली मारी गई है। बता दें कि घटना से ऐसा लगता है कि उसकी हत्या को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। गोली लगने से पूरा चेहरा क्षत विक्षत हो गया है। जिस स्थान पर वारदात हुई, वहां आसपास खेत हैं।

मामला हरगांव ब्लॉक की ग्राम पंचायत फत्तेपुर मातिनपुर का है। यहां के निवासी संतोष सिंह क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। वह शुक्रवार को दिन में 11 बजे किसी काम से बाइक पर पड़ोस के गांव हरदासपुर गए थे। देर रात तक संतोष वापस नहीं आए तो परिवारवालों ने उनके मोबाइल पर संपर्क किया। रात 9 बजे के करीब संतोष की आखिरी बार परिवारवालों से बात हुई। उन्होंने फोन पर बताया कि वह एक-दो घंटे बाद घर लौट आएंगे लेकिन देर रात तक वह वापस नहीं आए। इस बीच शनिवार सुबह ग्रामीणों ने मातिनपुर और हरदासपुर के बीच कच्चे रास्ते पर संतोष का लहूलुहान हालत में शव पड़ा देखा। पास ही उसकी बाइक भी पड़ी हुई थी।

जैसे ही यह खबर फैली तो घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिवारवाले रोते बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। सीओ सदर अभिषेक कुमार, थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पड़ताल शुरू कर दी। परिजनों के अनुसार उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी और वह व्यवहार से भी काफी मिलनसार थे।

सीओ सदर अभिषेक कुमार ने बताया गोली मारकर हत्या को अंजाम दिया गया है। सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है, जल्दी ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *