मध्य प्रदेश

नोएडा में टहलते हुए पकड़ाया 3200 करोड़ की ठगी का आरोपी

एसटीएफ की 9 से ज्यादा दबिश:नोएडा में टहलते हुए पकड़ाया 3200 करोड़ की ठगी का आरोपी

निवेश के नाम पर कई राज्यों में 3200 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी से जुड़े मामले में मप्र एसटीएफ ने 30 हजार रुपए के इनामी ऋषिकेश राय को नोएडा से गिरफ्तार किया है। वह सेक्टर-77 में टहल रहा था, तभी टीम ने दबिश देकर पकड़ लिया।

उसे पहले नोएडा अदालत में पेश किया गया, फिर भोपाल लाकर गुरुवार को अदालत में पेश कर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि ऋषिकेश ने रेनेट टेक्नोलॉजी प्रा.लि. के नाम से कंपनी बनाई थी। वह इस कंपनी का डायरेक्टर भी था।

इसी कंपनी के खाते में देशभर से 2062 करोड़ रुपए ट्रांसफर हुए। इनमें बड़ी रकम डिजिटल अरेस्ट से जुड़ी बताई जा रही है। जनवरी 2023 से अगस्त 2025 के बीच जमा 2062 करोड़ में से 2022 करोड़ रुपए निकाले जा चुके हैं।

एसटीएफ ने उसकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली, बिहार और उप्र में 9 से ज्यादा बार दबिश दी थी। तकनीकी विश्लेषण से उसके नोएडा आने की जानकारी मिली। आरोपी का लुक आउट सर्कुलर जारी था। पूछताछ में वह खुद को पेमेंट एग्रीगेटर बता रहा है, जबकि उसके पास आरबीआई का लाइसेंस नहीं था।

अदालत में पेश कर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया

एक ही भवन में दो कंपनियां 734 करोड़ का दूसरा ट्रांजेक्शन किंडेंट बिजनेस सॉल्यूशन प्रालि के खातों में 2023 से 2025 के बीच 734 करोड़ रुपए जमा हुए, जिनमें से 651 करोड़ निकाले गए। दोनों कंपनियों का संचालन नोएडा के एक ही भवन से हो रहा था। आरोपी मूलत: बक्सर का रहने वाला है। वह .1 से .5% तक कमीशन मिलने की बात कह रहा है। हाल ही में उसने करोड़ों की संपत्ति खरीदी है, जिसकी जांच जारी है।

सरगना लविश पर भी 25 हजार रुपए का इनाम घोषित

निवेश ठगी मामले में अब तक 16 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। यॉर्कर कैपिटल, बोटब्रो, बोट अल्फा, क्यूएफएक्स और वाईएफएक्स से जुड़े सरगना नवाब उर्फ लविश चौधरी को फरार घोषित किया गया है। उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित है। वह फिलहाल दुबई में है और उसे भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *