दो गैंगस्टर पकड़े, 40 मामले दर्ज हैं:लॉकडाउन में नदीगेट से पुलिस ने पकड़े दो बदमाश, 5 लाख रुपए की स्मैक-पिस्टल मिली

लॉकडाउन की सख्ती के बीच शनिवार को पुलिस ने दो बदमाशाें को पकड़ा है। नदीगेट से पकड़े गए बदमाशों से 5 लाख रुपए की स्मैक, पिस्टल व बाइक, स्कूटर वाहन मिले हैँ। दोनों बदमाशों पर जिले में 40 से ज्यादा केस दर्ज हैं। इनमें 3 हत्या और 6 हत्या के प्रयास के साथ 9 लूट के मामले हैं।

शनिवार को शहर में लॉकडाउन होने के कारण पुलिस छानबीन कर रही थी। नदीगेट पर इंदरगंज थाना पुलिस चैकिंग कर रही थी, तभी पल्सर बाइक पर सवार युवक आता दिखाई दिया। उसके पीछे ही स्कूटर पर भी अन्य युवक आ रहा था। पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी करते हुए पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। उनकी पहचान बदमाश मोनू उर्फ विवेक पुत्र मुन्ना तोमर निवासी चार शहर का नाका, आशीष पुत्र रामहंस सिंह तोमर निवासी इन्द्रा नगर हजीरा के रूप में हुई है। तलाशी में उनके पास से 42 ग्राम स्मैक, एक पिस्टल, मोबाइल मिला है। स्मैक की कीमत करीब 5 लाख रुपए है। पूछताछ में पता लगा है कि मोनू भिंड और आशीष मैनपुरी यूपी से स्मैक लेकर शहर में सप्लाई करने आए थे।

गैंगवार में रहा है दोनों का नाम

पकड़े गए दोनों बदमाशों का नाम शहर के गैंगस्टर में आता है। इन पर 40 मामले दर्ज हैं। इनमें मोनू पर 1 हत्या के साथ 9 लूट के मामले समेत 29 मामले दर्ज हैं, जबकि आशीष पर 2 हत्या, 5 हत्या के प्रयास सहित 11 मामले दर्ज हैं। दोनों पंकज सिकरवार गैंग के बदमाश माने जाते हैं। जुलाई 2019 में पंकज सिकरवार की हत्या हो चुकी है। उसमें शॉर्प शूटर परमाल सिंह का नाम सामने आया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *