UP Assembly Election 2022: आगरा कैंट विधानसभा सीट पर पांचवी बार BJP हुई थी काबिज, जानिए इससे जुड़ी हर अपडेट

आगरा कैंट सीट पर कांग्रेस और बसपा ने लंबे समय तक कब्जा जमाए रखा. 2017 में भाजपा ने 15 साल बाद वापसी की.

उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा 2022 के चुनाव होने जा रहे हैं. भाजपा इस चुनाव में ज्यादा से ज्यादा सीटें जीत कर दोबारा प्रदेश की सत्ता पर काबिज होना चाहेगी. वहीं दूसरे दल भी सत्ता की कुर्सी तक पहुंचने की कोशिश करेंगे. आगरा जिले में उत्तर प्रदेश विधानसभा की कुल 9 सीटें आती हैं .लेकिन इनमें से कैंट विधानसभा सीट (Agra Cantt Assembly) सबसे अलग है. इस सीट पर सपा आज तक एक बार भी विधानसभा का चुनाव नहीं जीत सकी है, जबकि बसपा, कांग्रेस और भाजपा लंबे समय तक काबिज रही हैं. 2017 में भाजपा ने 15 साल बाद वापसी करते हुए इस सीट को दोबारा अपने कब्जे में किया है. इस सीट से मौजूदा विधायक भारतीय जनता पार्टी के गिरिराज सिंह धर्मेश हैं.

आगरा कैंट विधानसभा सीट पर इन पार्टियों ने दर्ज की जीत

आगरा कैंट विधानसभा सीट (Agra Cantt Assembly) पर हुए अब तक चुनाव में चार बार लगातार कांग्रेस (1974, 1977, 1980, 1985), चार बार भाजपा ( 1989, 1991, 1993, 1996), तीन बार लगातार बसपा (2002, 2007, 2012) ने इस सीट पर कब्जा किया. जबकि 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इस सीट को पांचवीं बार अपने पाले में किया है.

अब तक के जीते विधायक

आगरा कैंट विधानसभा सीट (Agra Cantt Assembly) से 1974 से लेकर 1985 तक कांग्रेस के कृष्णवीर सिंह कौशल लगातार चार बार इस सीट से विधायक बने थे. 1989 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के हरिद्वार दुबे इस सीट से विधायक चुने गए. 1991 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से हरिद्वार दुबे भाजपा से दूसरी बार विधायक बने. 1993 में इस सीट से भाजपा के रमेश कांत लावनिया विधायक चुने गए. वहीं 1996 में भाजपा के केशव मेहरा विधायक बने थे. 2002 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से बसपा के मोहम्मद बशीर विधायक चुने गए थे. जबकि 2007 में बसपा के जुल्फिकार भुट्टो यहां से विधायक बने थे. वहीं 2012 के विधानसभा चुनाव में बसपा के गुटियारी लाल दुबे विधायक बने थे.

2017 विधानसभा चुनाव के आंकड़े

2017 के विधानसभा चुनाव में आगरा कैंट (Agra Cantt Assembly) से भाजपा के डॉ. गिरिराज सिंह धर्मेश विधायक चुने गए थे. उन्होंने बसपा के गुटियारी लाल दुवेश को इस चुनाव में हराया था. इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी गिरिराज सिंह को 1,13,178 वोट मिले थे, जबकि दूसरे नंबर पर रहे बसपा के गुटयारी लाल को 66,853 वोट मिले थे. वहीं तीसरे नंबर पर समाजवादी पार्टी की ममता कौदन थीं, जिन्हें 64,683 वोट मिले थे.

अब देखना दिलचस्प होगा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से किस पार्टी के प्रत्याशी की किस्मत मतदाता लिखते हैं. यहां आज तक एक भी चुनाव न जीतने वाली समाजवादी पार्टी इस सीट को जीत कर अपनी स्थिति को मजबूत करना चाहती है. वहीं कांग्रेस और बसपा भी अपने प्रदर्शन को दोहराना चाहेंगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *