नगर निगम की अनदेखी ….. मैदान में कसावट शुरू, फिर भी सीएम हेल्पलाइन पर साफ-सफाई की शिकायतों का ग्राफ बढ़ा

  • दो दिन पहले तक सीएम हेल्पलाइन में साफ-सफाई की शिकायतें 553 थीं, जो 562 पर पहुंचीं……

नगर निगम ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 की तैयारी भले ही शुरू कर दी हैं, लेकिन हकीकत में साल 2021 की खामियों को निगम के अफसर दुरुस्त नहीं कर पा रहे हैं। स्वच्छता से जुड़े अफसर कैबिन में बैठक और सफाई मित्रों पर एक्शन तो ले रहे हैं, लेकिन खुद सर्दी में रजाई से बाहर आने में कतरा रहे हैं। यही वजह है कि सीएम हेल्पलाइन में साफ-सफाई की शिकायतों का ग्राफ कम होने के स्थान पर बढ़ता जा रहा है।

दो दिन पहले तक सीएम हेल्पलाइन में साफ-सफाई की शिकायतें 553 थी, जो 562 पर पहुंच चुकी हैं। सीवर समस्या की शिकायत का आंकड़ा 191 से 211 पर पहुंच चुका है। अभी-भी सड़कों पर कचरा, नालियां चोक और सीवर की समस्या से लोग परेशान हैं। शिंदे की छावनी क्षेत्र में मंगलवार को सड़कों पर कचरा जमा रहा। यहीं पर गंदा पानी सड़क पर तेजी से बहता दिखा। हालांकि लापरवाही बरतने और अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों पर एक्शन शुरू हो गया है।

अपर आयुक्त अतेंद्र गुर्जर ने मंगलवार को दो डब्ल्यूएचओ को उनके मूल काम पर लगा दिया है। मैदानी अमले और कार्य की मॉनिटरिंग हो सके, इसके लिए निगम में सुबह-शाम वीडियो कांफ्रेंसिंग शुरू कर दी है। काम को वीसी से अफसर देख रहे हैं। उन्हें वह दिखाया ही नहीं जा रहा, जहां पर कचरा और गंदगी है।

नगर निगम आयुक्त कन्याल ने मुंबई में दिया प्रजेंटेशन

केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने मुंबई में नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत मंगलवार को एक वर्कशॉप आयोजित किया। इसमें ग्वालियर, भोपाल, जबलपुर व इंदौर के अधिकारी शामिल हुए हैं। यहां पर आयुक्त किशोर कन्याल ने ग्वालियर की प्लानिंग पर प्रजेंटेशन दिया। उन्होंने बताया कि ग्वालियर में हवा में मौजूद धूल के कणों को कम करने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। सिटी प्लानर पवन सिंघल भी मुंबई गए हुए हैं।

ये हैं चैलेंज

  • वाहनों से होने वाला प्रदूषण।
  • सड़कों पर कचरा जलना।
  • उद्योंगों से होने वाला प्रदूषण।
  • विक्रम वाहनों से होने वाला प्रदूषण।
  • सड़कों पर उड़ती धूल।

ये करेंगे 5 सालों में

  • सड़कें पक्की होंगी।
  • चौराहों पर जहां ज्यादा प्रदूषण होता है वहां पर फाउंटेन लगंगेे।
  • मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीन की संख्या 8 होगी, अभी 3 हैं।
  • वाटर कैनन मिस्ट व्हीकल भी 8 होगी।
  • चौराहों पर स्मॉग टावर लगाए जाएंगे।

2 डब्ल्यूएचओ को अपने मूल काम पर भेजा

अपर आयुक्त अतेंद्र गुर्जर ने मंगलवार को दो वार्ड स्वास्थ्य अधिकारी को मूल काम पर पहुंचा दिया है। इनमें वार्ड -63 के स्वास्थ्य अधिकारी दीपक खरे को केदारपुर में सफाई कार्य पर लगा दिया है। वार्ड-64 के जापान सिंह को इसी वार्ड में सफाई कार्य दिया गया है। अब जिम्मेदारी वार्ड-63 का डब्ल्यूएचओ देवेंद्र को और वार्ड-64 का डब्ल्यूएचओ गोपाल को बनाया गया है।

स्वच्छ सर्वेक्षण पर वल्लभ भवन में 25 की वीसी: स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 के सर्वे के लिए 25 नवंबर को वीसी होगी। वल्लभ भवन भोपाल से आयोजित वीसी में नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त निकुंज श्रीवास्तव का खास फोकस अगले सर्वे को लेकर होगा। इसमें साल 2021 में किन कारणों से पिछड़े। इस पर भी बात होगी।

15 कर्मचारी नहीं आए काम पर, जाएगी नौकरी: उपायुक्त सतपाल सिंह चौहान और डाॅ.अतिबल सिंह यादव ने दो-दो वार्डों का निरीक्षण किया। जहां 15 सफाई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। विनीत व रवि की सेवाएं खत्म करने का नोटिस जारी किया है।

निगम ने शुरू की सर्वे की कार्रवाई

नए सर्वे को ध्यान में रखकर जुर्माने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जलालपुर चौराहे पर डब्ल्यूएचओ दीपक खरे द्वारा सार्वजनिक स्थान पर पेशाब करने पर जुर्माना लगाया गया। इसमें कल्याण, रमेश, बाबूलाल और संजय से 250-250 रुपए वसूले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *