नोएडा में 552 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग …. 16 लाख मतदाता तीनों विधानसभा में तय करेंगे प्रत्याशियों की किस्मत, कोरोना पॉजिटिव पोस्टल बैलेट से करेंगे मतदान

विधानसभा चुनावों की घोषणा हो चुकी है और अधिसूचना भी जारी हो चुकी है। जिसके बाद आज गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने चुनाव को लेकर एक प्रेस वार्ता की। प्रेस वार्ता के दौरान चुनावों के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान उन्होंने बताया कि आज तक जिले में 16,23,545 मतदाता हैं। अभी भी लोग वोटर लिस्ट में अपना नाम बढ़वा सकते हैं। इस दौरान बताया गया कि विधानसभा चुनावों के लिए 552 मतदान केंद्र और 1,754 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।

जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने बताया कि गौतम बुद्ध नगर में कुल 16 लाख 23 हजार 545 मतदाता हैं। इनमें 9,02,394 पुरुष जबकि 7,21,052 महिला मतदाता हैं। जबकि 99 थर्ड जेंडर हैं। नोएडा विधानसभा में कुल 6,90,231 मतदाता हैं। जिसमें 3,91,460 पुरुष और 2,98,764 महिला मतदाता हैं। दादरी में कुल 5,86,889 मतदाता हैं। जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 3,22,670 और महिला मतदाताओं की संख्या 2,64,144 है। जेवर विधानसभा में कुल 3,46,425 मतदाता हैं, जिसमें 1,88,264 पुरुष और 1,58,144 महिला मतदाता हैं।

8 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी, 34 अर्द्ध सैनिक बल की कंपनियां तैनात होगीं

विधानसभा चुनाव में गौतम बुद्ध नगर में भारी पुलिस फोर्स को तैनात किया जाएगा। इस दौरान 8,700 पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात किए जाएंगे। वहीं 34 कंपनी अर्द्धसैनिक बल की तैनात की जाएगी। पुलिस और अर्द्ध सैनिक बल जगह-जगह पर पैदल गस्त और फ्लैग मार्च करेंगे। भय मुक्त चुनाव कराना पुलिस की जिम्मेदारी होगी।

ये लोग कर पाएंगे पोस्टल बैलेट से चुनाव

गौतम बुद्ध नगर में 24 हजार सीनियर सिटीजन मतदाता और 7,500 दिव्यांग हैं। इनके लिए प्रशासन ने इस बार और सहूलियत दी है। मतदान को बढ़ाने कर लिए इन लोगों को पोस्टल बैलेट से चुनाव करने का भी ऑप्शन दिया गया है। ये लोग बूथ पर आकर भी मतदान कर सकते हैं और पोस्टल बैलेट से भी मतदान कर सकते हैं। बूथ तक ले जाने के लिए प्रशासन इनका इंतजाम करेगा। कोरोना संक्रमित भी मतदान कर सकते हैं। वो बैलेट पेपर से मतदान करेंगे।

100 बूथ बनाए जाएंगे मॉडल बूथ

लोगों को मतदान के लिए आकर्षित करने के लिए प्रशासन 100 मॉडल बूथ भी बनाएगा। महिलाओं के लिए बनाए गए बूथ पर केवल महिलाएं ही होंगी। पीठासीन अधिकारी से लेकर सभी महिला होंगी। ऐसे ही दिव्यांग बूथ पर सभी अधिकारी दिव्यांग ही होंगे।

जिले को कुल 26 जोन में बांटा गया है। जिसमें 116 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात होंगे। इस दौरान 3 तीन उड़न दस्ते की बनाए गए हैं। 3 टीम स्थायी निगरानी, एक-एक टीम वीडियो निगरानी, वीडियो अवलोकन और अन्य टीम भी बनाई गई है। 900 बूथ पर वेबकास्टिंग की जाएगी। जिस पर निगरानी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *