UP चुनाव का महापोल … 8 में से 7 ओपिनियन पोल्स में भाजपा की बन रही सरकार, 224 से 236 सीटें मिलने की संभावना

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। चुनाव से पहले आए 8 सर्वे एजेंसियों के ओपिनियन पोल्स का विश्लेषण कर हम आपको बता रहे हैं कि उत्तर प्रदेश में जनता का मूड क्या है? अब तक आए 8 में से 7 सर्वे में बीजेपी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाती दिख रही है। उसे औसतन 224 से 236 सीटें मिलती हुई नजर आ रही हैं। वहीं, सपा दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरती दिख रही है।

सिर्फ एक सर्वे में सपा की सरकार
डीबी लाइव के सर्वे के मुताबि, सपा को 203 से 211, बीजेपी को 144 से 152, बीएसपी को 12 से 20 और कांग्रेस को 19 से 27 सीटें मिल सकती हैं। बताते चलें कि सरकार बनाने के लिए 203 सीटें जीतनी होंगी।

इस बार भी 300 से ज्यादा सीटें जीतने का भाजपा का दावा
पिछले 2017 के चुनाव के नतीजों पर नजर डालें, तो भाजपा ने 312 सीटों पर जीत दर्ज कर प्रचंड बहुमत हासिल किया था। भाजपा नेता इस बार भी 300 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा कर रहे हैं। हालांकि, अन्य सभी सात सर्वे एजेंसियों ने भाजपा को न्यूनतम 226 से अधिकतम 272 सीटों पर जीतने की संभावना जाहिर की है। वहीं समाजवादी पार्टी को सभी सात सर्वे में न्यूनतम 111 और अधिकतम 165 सीटें मिलती हुईं दिख रही हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और उसके गठबंधन को 312 सीटें मिली थीं।

जानिए किस सर्वे एजेंसी ने किस पार्टी को कितनी सीटें देती दिखाई हैं

सर्वे एजेंसी भाजपा सपा बसपा कांग्रेस
सी वोटर 223-235 145-157 8-16 3-7
जी डिजाइन बॉक्स्ड 245-267 125-148 5-9 3-7
इंडिया टीवी 230-235 160-165 2-5 3-7
रिपब्लिक-पी मार्क 252-272 111-131 8-16 3-9
पोल्सट्रैट न्यूजएक्स 235-245 120-130 13-16 4-5
डीबी लाइव 144-152 203-211 12-20 19-27
टाइम्स नाउ- वीटो 240 143 10 8
इंडिया न्यूज-जन की बात 226-246 144-160 8-12 0-1
सर्वे का औसत 224- 236 144-156 8-13 5-9

बसपा और कांग्रेस की कोई बड़ी भूमिका नहीं

बसपा इस बार विधानसभा चुनाव में सक्रिय नहीं रही है। माना जा रहा है कि उसके वोट भाजपा और सपा के ही खाते में जाएंगे। हालांकि, सर्वे में भाजपा को महज एक फीसदी वोट शेयर की बढ़ोतरी और सपा को 12 फीसदी वोट शेयर की बढ़ोतरी की बात कही गई है। बसपा को सभी सर्वे एजेंसियों को मिलाकर न्यूनतम दो सीट से अधिकतम 20 सीटें देने की बात कही है। उधर, कांग्रेस के लगातार सत्ता में वापसी की भरपूर कोशिशों और प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश में उतारने के बाद भी अधिकांश सर्वे एजेंसियों ने न्यूनतम तीन और अधिकतम 27 सीटें देने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *