निष्पक्ष चुनाव नहीं तो परिवार के साथ आत्महत्या कर लूंगा … सपा प्रत्याशी ने कहा- राजनाथ सिंह इतनी गंदी राजनीति करेंगे, मैं सोच भी नहीं सकता

नोएडा के सपा प्रत्याशी ने परिवार के साथ आत्महत्या करने की धमकी दी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाया कि उनके कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है। पुलिस भाजपा के एजेंडा पर काम कर रही है। हमारे कार्यकर्ताओं को प्रचार करने से रोका जा रहा है। बदतमीजी की जा रही है। अगर ऐसे ही एमएलए को चुनना है तो मैं सीधे ही सर्टिफिकेट दे दूंगा।

दो दिनों से ये प्रताड़ना बहुत बढ़ गई है। मैं गली-गली घूम रहा हूं। मेरी पत्नी रात के 12 बजे तक चुनाव प्रचार कर रही है। इतनी प्रताड़ना नहीं झेल सकता हूं। मेरा इतना कसूर है कि मै एक किसान का बेटा हूं। भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह मुझे आपसे ऐसी उम्मीद नहीं थी। आपके पिता राजनाथ सिंह इतनी गंदी राजनीति करेंगे। राजनाथ सिंह अपने को किसान बताते हैं। वह मेरे साथ ऐसा करेंगे, मैं सोच भी नहीं सकता।

ऐसे समझते हैं मामला
दरअसल, दो फरवरी को भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह का प्रचार करने के लिए सांसद मनोज तिवारी नोएडा आए थे। इस दौरान सेक्टर-17 की झुग्गी झोपड़ी में प्रचार के दौरान एक वोटर और महिला ने अखिलेश यादव जिन्दाबाद के नारे लगाते हुए मनोज तिवारी को जूता दिखाया था।

सुनील चौधरी के मुताबिक, वह उनके समर्थक और कार्यकर्ता हैं। आरोप है कि पुलिस ने आज उनका मकान तोड़ा और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने प्रेस वार्ता कर कहा कि पुलिस प्रशासन नहीं चाहता कि यहां निष्पक्ष चुनाव हो। सुनील चौधरी की पत्नी ने भावुक होते हुए कि जिस तरह से पुलिस उनके कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित कर रही है, ऐसे में चुनाव लड़ पाना मुश्किल होता जा रहा है।

इलेक्शन कमीशन से पहले भी कर चुके शिकायत
सुनील चौधरी ने हाल ही में पुलिस कमिशनर ,आलोक सिंह, एडीसीपी रणविजय सिंह और थाना-20 और फेज-2 प्रभारी पर आरोप लगा चुके है कि ये लोग झुग्गी झोपड़ी में वोटरों को सत्तारूढ़ पार्टी को वाट देने के लिए दबाव बनाते है। ऐसे में इनको हटाया जाए ताकि नोएडा में निष्पक्ष चुनाव हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *