दुर्गति का जीता जागता उदाहरण शिवपाल … करहल में योगी का तंज- अब बैठने को कुर्सी तक नहीं मिलती; शिवपाल का पलटवार- भाजपा की बौखलाहट बढ़ गई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी के करहल विधानसभा में जनसभा की। इस दौरान योगी ने शिवपाल के बहाने अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, कल नेताजी (मुलायम सिंह यादव) यहां आए थे, लेकिन मुझे जो तस्वीर देखने को मिली वो हैरान करने वाली थी। नेताजी के सिपहसालार रहे शिवपाल की दुर्गति हो गई है। उन्हें बैठने के लिए कुर्सी तक नहीं मिली। उन्हें कुर्सी के हत्थे पर बैठना पड़ा। शिवपाल यादव अब दुर्गति का जीता जागता उदाहरण बन चुके हैं।

कहां हजारों लोग उनके साथ थे? अब उन्हें पूछा नहीं जा रहा है। कभी वो प्रदेश में घूमते थे। उनका अलग रंग था, अब उनकी दुर्गति हो गई है’।

हालांकि योगी के इस बयान के बाद शिवपाल यादव ने अपना पक्ष रखा है। साथ ही योगी के बयान को बौखलाहट करार दिया है। शिवपाल ने कहा, ‘कल की इटावा की इस समाजवादी एकता की प्रतीक तस्वीर के आने के बाद भाजपा की बौखलाहट बढ़ गई है। नकारात्मकता, अशांति पैदा करना। व्यक्तिगत हमला व चरित्र हनन। यही भाजपा का हथियार है। भाजपा के शब्दकोष में तरक्की और विकास जैसे शब्द नहीं हैं। थोड़ा इंतजार करिए, 10 मार्च भाजपा साफ’।

10 मार्च के बाद नहीं दिखेंगे धमकीबाज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, मुझे पता है कि समाजवादी पार्टी के गुर्गे हमारे कार्यकर्ताओं को धमका रहे हैं। 10 मार्च के बाद धमकीबाज ज्यादा नहीं चल पाएंगे। अब 10 मार्च के बाद प्रदेश में कानून का राज जैसे था वैसा ही देखने को मिलेगा। यहां जब समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी नामांकन कराने आए थे तो कहा था कि अब सिर्फ प्रमाण पत्र लेने आएंगे। लेकिन अब हमारे भाजपा प्रत्याशी डॉ. एसपी बघेल ने उन्हें पांचवे दिन ही यहां आने पर मजबूर कर दिया है। ये है हमारी और आपकी ताकत। उनकी हालत ऐसी हो गई है जैसे आसमान से गिरे खजूर पर लटके’।

10 मार्च के बाद धमकीबाज गले में तख्तियां लगाए नजर आएंगे
उन्होंने कहा कि 10 मार्च के बाद जितने भी धमकीबाज है वो गले में तख्तियां लगाकर घूमेंगे। डरिए मत, बेझिझक होकर मतदान करेंगे। गुंडे अपराधियों का उपचार सिर्फ हमारे पास है। ऐसे धमकीबाज अब कहते हैं कि अब जान बख्श दो। हम ठेले लगाकर जीवन चला लेंगे। उन्होंने कहा कि पहले सैफई महोत्सव होता था। इसमें न राग था और न कोई रंग था। किसी को मालूम तक नहीं पड़ता था। अब अयोध्या, मथुरा और वृंदावन में कार्यक्रम होते हैं तो दुनिया पर उसकी नजर होती है। काशी में देव दीपावली का आयोजन होता है। उन्होंन कहा कि एसपी सिंह बघेल को जिताएं वो करहल को मथुरा और काशी बना देंगे।

मैनपुरी में बोले- 4 विधायक आएं तो 350 सीटों से जीतेगी भाजपा
इसके पहले योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी के क्रिश्चियन मैदान में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नौजवानों को पारदर्शी तरीके से बिना भेदभाव के नौकरी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मैनपुरी जिले से चार विधायक आ जाएंगे तो 350 सीटों से भाजपा सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में अराजकता चरम पर थी। अब स्थिति सुधरी है। पिछली सरकारों ने प्रदेश की दुर्गति की है। पहले आए दिन दंगे होते रहते थे। आज कांवड़ यात्रा भी धूमधाम से निकलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *