रूस ने दिया वार्ता का प्रस्ताव, लेकिन यूक्रेन के राष्ट्रपति ने ठुकरा दिय

रूसी हमलों में ग्रीस के 10 नागरिकों की मौत हो गई है। अमेरिका ने अपने नागरिकों को यूक्रेन जाने से रोकाहै।

रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है। दोनों तरफ भारी नुकसान हुआ है। शुरू में लग रहा था कि यूक्रेन कमजोर पड़ रहा है और जल्द घुटने टेक देगा, लेकिन ऐसा नहीं है। यूक्रेन की तरफ से भी रूस को भारी नुकसान पहुंचाने के दावे किए जा रहे हैं। यूक्रेन का तो यहां तक कहना है कि उसने रूस के 3500 सैनिक मार गिराए हैं। ताजा खबर यह है कि रूस ने एक प्रतिनिधिमंडल बेलारूस भेजा है और कहा है कि वह यूक्रेन के साथ शांति वार्ता शुरू करने के लिए तैयार है। हालांकि यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने मास्को के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि रूस, बेलारूस से यूक्रेन पर अपने कुछ हमलों को अंजाम दे रहा है और वह केवल उन्हीं जगहों पर बातचीत के लिए तैयार है जो उसके देश के प्रति आक्रामकता नहीं दिखा रहे हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की वारसॉ, इस्तांबुल और बाकू में कही भीं वार्ता के लिए तैयार हैं।

इस बीच, अमेरिका और चीन के बीच तनातनी शुरू हो गई है। दरअसल, रविवार सुबह अमेरिका ने चीन को चेतावनी जारी कि वह रूस का साथ देना बंद करे, अन्यथा बुरे परिणाम भुगतने होंगे। चीन ने भी जवाब देने में देर नहीं की और अमेरिका की रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि रूस पर केवल आर्थिक प्रतिबंध लगाने से कुछ नहीं होगा। चीन ने सवाल दी कि अमेरिका को इस समस्या का राजनीतिक हल निकालने के लिए कूटनीतिक प्रयास करने होंगे। ग्लोबल टाइम्स के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। यहां पढ़िए रूस-यूक्रेन युद्ध और तीसरे विश्व युद्ध के बन रहे हालात पर ताजा अपडेट

 क्या होकर रहेगा तीसरा विश्व युद्ध (WWIII)

हमलों का आदेश देते समय रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा था कि यदि कोई देश यूक्रेन के समर्थन में आया तो गंभीर नतीजे भुगतने पड़ेंगे। ताजा खबर यह है कि जर्मनी और फ्रांस ने यूक्रेन की मदद में कदम आगे बढ़ाए हैं। जर्मनी ने पहली बार यूक्रेन को अपने हथियार दिए हैं। वहीं फ्रांस ने बेलारूस से कहा है कि वह अपने यहां से रूसी सेना को भगाए। बता दें, बेलारूस शुरू से रूस के साथ है और से पुतिन की आर्मी ने यूक्रेन पर हमला शुरू किया था। कुल मिलाकर यूक्रेन और रूस की जंग अब बढ़ती जा रही है। अन्य महाशक्तियों के शामिल होने से तीसरे विश्व युद्ध की आशंकाएं उठने लगी हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति बोले- अब WWIII की विकल्प

इससे पहले रविवार सुबह अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन का बड़ा बयान आया। उन्होंने कहा, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दो ही विकल्प छोड़े है। या तो तीसरा विश्वयुद्ध हो जाए या रूस पर आर्थिक बैन लगाए जाएं। यही कारण है कि अमेरिका व अन्य देशों ने प्रतिबंधों का ऐलान किया है।

मारोयोपोल में रूसी हमले में ग्रीस के 10 नागरिकों की मौत हो गई है। इसके बाद ग्रीस भी रूस के खिलाफ भड़क गया है और ग्रीस में रूसी राजदूत को तलब किया गया है।

रूस के हमले के तीसरे दिन शनिवार को देर रात रूसी सेना की कमांडो टुकड़ी यूक्रेन की राजधानी कीव के मुहाने पर आ गई और वहां उसकी यूक्रेनी सैनिकों की आमने-सामने की लड़ाई शुरू हो गई। यह टुकड़ी टैंकों और भारी सैन्य वाहनों के लिए रास्ता बनाने के उद्देश्य से आगे आई है।

इससे पहले राजधानी में रूसी एजेंटों की मौजूदगी की बात मेयर कह चुके हैं और कहा है कि वे रूसी सेना के लिए काम कर रहे हैं। शनिवार को दिन भर कीव को तीन तरफ से घेरकर रूसी टैंक गोलों की बरसात करते रहे, जबकि आसमानी रास्ते से क्रूज मिसाइल लक्ष्यों को निशाना बना रही हैं।

ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि कीव से महज 30 किलोमीटर दूर रूसी सेना ने भारी जमावड़ा लगा रखा है। रूसी सेना राजधानी के नजदीक अपनी स्थिति मजबूत करती जा रही है। अमेरिका रक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी इस बात की पुष्टि की है। जबकि राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि सेना और सरकार का राजधानी पर पूरा नियंत्रण बना हुआ है और हम पूरी ताकत से हमलों का मुकाबला कर रहे हैं।

इस बीच रूसी संसद ड्यूमा के स्पीकर व्याचेस्लाव वोलोदिन ने दावा किया है कि जेलेंस्की कीव छोड़कर भाग गए हैं और अब वह यूक्रेन के लवीव शहर में एक बंकर में छिपे हुए हैं। वहीं से वह संदेश दे रहे हैं।

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने समर्थक देशों से लड़ने के लिए और हथियार मांगे हैं। जनता से सड़कों पर आकर रूसी सैनिकों का मुकाबला करने का आह्वान किया है। अमेरिका व अन्य देशों से मदद में मिली राइफलें बांटीं जा रही हैं। पलायन रोकने के लिए राजधानी कीव में कर्फ्यू लगा दिया गया है और भागते लोगों को गोली मारने का आदेश दिया गया है।

इससे पहले भाग रहे पुरुषों को पुुलिस ने ट्रेन से खींचकर उतारा। इस बीच रूसी सेना ने तटवर्ती मेलिटोपोल शहर पर कब्जा कर लिया है जबकि खार्कीव पर भारी गोलाबारी हो रही है। यूक्रेन के स्नैक द्वीप पर भी रूसी सेना ने कब्जा कर लिया है। बावजूद इसके प्रमुख शहरों में रूसी सेना को भारी प्रतिरोध का सामना करना पड़ रहा है। कीव पहुंचने का रास्ता खत्म करने के लिए यूक्रेनी सेना ने एक पुल विस्फोटकों से उड़ा दिया है।

रूसी गोलाबारी में ओख्तिरका में नाबालिग लड़की समेत 6 की मौत: द कीव इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के अनुसार, गवर्नर दिमित्री ज़िवित्स्की ने कहा कि सूमी ओब्लास्ट में रूसी गोलाबारी में सात साल की बच्ची सहित छह लोग मारे गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रूस अब नागरिकों भी निशाना बना रहा है।

यूक्रेन युद्ध के बीच क्रेमलिन की आधिकारिक वेबसाइट डाउन: रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, क्रेमलिन की आधिकारिक वेबसाइट यानी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के कार्यालय की वेबसाइट kremlin.ru डाउन हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *