सागर .. मोतीनगर क्षेत्र में एक साल में 50% बढ़ गए महिला अपराध, कैंट-कोतवाली सहित 5 थानों में लूट-चोरी में ये ही अव्वल
- तवाली, गोपालगंज और सिविल लाइन थाने की तुलना में मोतीनगर और कैंट थाना क्षेत्र में दोगुना अपराध।
मोतीनगर और कैंट थाना क्षेत्र अपराधों के गढ़ बन चुके हैं। शहर के पांचों थानों में पिछले वर्ष सबसे ज्यादा अपराध मोतीनगर में हुए हैं। दूसरे स्थान पर कैंट थाना रहा। 2021 में कैंट, कोतवाली, सिविल लाइन, गोपालगंज और मोतीनगर पांचों थानों में कुल 3 हजार 198 मामले दर्ज हुए। इनमें सबसे ज्यादा 1059 वारदातें मोतीनगर में और 1052 अपराध की घटनाएं कैंट में हुईं।
गोपालगंज, सिविल लाइन और कोतवाली से तुलना करें तो मोतीनगर व कैंट में अपराध की दोगुनी घटनाएं हुई हैं। इन थाना क्षेत्र में अपराध की घटनाएं अधिक होने का एक बड़ा कारण इनकी सीमा लंबी होना है। मोतीनगर थाना क्षेत्र में शहर के 48 में से 23 वार्ड और 22 गांव आते हैं। तो वहीं कैंट थाने की सीमा पांचों थानों में सबसे लंबी है। फोर लाइन पर रानीपुरा तक कैंट थाने की सीमा लगती है। जिसकी थाने से दूरी करीब 19 किलोमीटर है।
पिछले साल दहेज की बलि चढ़ी 39 महिलाएं
2021 में एक जनवरी से 31 दिसम्बर तक जिले में सबसे ज्यादा अपहरण के 373 मामले दर्ज किए गए। इनमें बालक-बालिका दोनों के अपहरण शामिल हैं। तो वहीं 39 महिलाएं दहेज प्रताड़ना की बलि चढ़ गईं। तो वहीं 33 महिलाओं को आत्महत्या के लिए उकसाया गया और उन्होंने सुसाइड कर ली। 146 महिलाएं दुष्कर्म की शिकार हुईं। लूट के 27 और एक लाख से अधिक की बड़ी चोरी के 71 मामले दर्ज हुए।
जो घटनाएं हो रहीं वे दर्ज की जा रहीं: पुलिस अधीक्षक तरुण नायक का कहना है कि जहां जनसंख्या ज्यादा होगी वहां अपराध अधिक होते हैं। शहरी क्षेत्र में जनसंख्या घनत्व अधिक है। अपराध की संख्या बढ़ने का एक अर्थ ये भी है कि जो घटनाएं हो रहीं हैं उनके खिलाफ 100 प्रतिशत कायमी भी थानों में की जा रही है। शहरी क्षेत्र में कहां अपराध बढ़े हैं और कहां नहीं? अभी मैंने इसे पूरा विस्तार से नहीं समझा है।
करीला, धर्मश्री, पंतनगर, काकागंज क्राइम स्पाॅट
- गोपालगंज थाना– 13 किलोमीटर दूर हिनौता गांव तक सबसे बड़ी सीमा है। ग्रामीण बीट में सीमा की दूरी अधिक है।
क्षेत्र : सलैया गाजी, संजय ड्राइव, शनिचरी, पहलवान बब्बा मंदिर, तहसीली तिगड्डा, नाव मंदिर तक सीमा लगती है। क्राइम हॉट स्पॉट : तिली क्षेत्र, बाघराज वार्ड, तिरुपतिपुरम्, शनिचरी
- सिविल लाइन थाना – 10 किलोमीटर दूर चावड़ा गांव सबसे बड़ी सीमा। बम्हौरी से अंदर ढाना रोड पर है।
क्षेत्र : बाघ खेजरा, फॉरेस्ट डिपो, पथरिया, कठवां पुल, आईजी ऑफिस, किशोर न्यायालय और नया आरटीओ तक सीमा लगती है। क्राइम हॉट स्पॉट : किशोर न्यायालय से आरटीओ, पथरिया जाट व बाबूपुरा।
- मोतीनगर थाना- सबसे लंबी सीमा आमेठ के आगे वीरपुरा गांव में 14 किलोमीटर दूर है। क्षेत्र : शहर के 48 में से 23 वार्डों में मोतीनगर थाने की सीमा लगती है। थाना क्षेत्र में 22 गांव भी आते हैं। क्राइम व आबादी के मामले में यह शहर का सबसे बड़ा थाना है। हॉट स्पॉट : करीला, धर्मश्री, पंतनगर, चंद्रशेखर और काकागंज वार्ड।
- कैंट थाना- सबसे लंबी सीमा फोर लाइन पर रानीपुरा के पास 19 किलोमीटर दूर है। क्षेत्र : रानीपुरा, श्यामपुरा बाछलोन, खुरई रोड मंडी के पास स्थित ईट-भट्टे तक, सिविल लाइन में मॉल तक।
हॉट स्पॉट : मढ़िया विट्ठल नगर, भगवानगंज, सदर।
- कोतवाली थाना- डिंपर पेट्रोल पंप तक ढाई किलोमीटर दूर सबसे लंबी सीमा है। क्षेत्र : सराफा बाजार, गोला कुआं, रानीपुरा, गऊघाट, नाव मंदिर, तिलकगंज, माल गोदाम रोड, राधा तिराहा, राहतगढ़ बस स्टैंड हॉट स्पॉट : तिलकगंज व पुरब्याऊ टौरी