प्रयागराज हिंसा के बवालियों के लगेंगे पोस्टर … ?

CCTV फुटेज, तस्वीरों से पहचाने गए 95 आरोपी; 5 हजार उपद्रवियों को ढूंढ रही पुलिस….

प्रयागराज में जुमे की नमाज के बाद उपद्रव करने वालों की तलाश में पोस्टर लगाए जाएंगे। पुलिस ये तस्वीरें, CCTV फुटेज, सर्विलांस कैमरे और लोगों से मिले वीडियो से इकट्ठा करेगी। बवाल करने वालों की पहचान होने के 4 दिन बाद भी उनका पता नहीं चला है। उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस उनके पोस्टर लगाने की तैयारी कर रही है।

वहीं, प्रयागराज हिंसा के मास्टरमाइंड मोहम्मद जावेद उर्फ जावेद पंप का 2 मंजिला घर रविवार को बुलडोजर से गिरा दिया गया है। जावेद की बेटी ने इस कार्रवाई को गलत बताया। जावेद पंप की पत्नी परवीन फातिमा ने हाईकोर्ट में पिटीशन दाखिल कर प्रयागराज विकास प्राधिकरण के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी है।

जावेद की पत्नी का कहना है कि घर उनके नाम पर था। ये मकान उनके पिता ने उन्हें शादी से पहले गिफ्ट में दिया था, जिसमें जावेद का मालिकाना हक नहीं है। फिर भी उनको नोटिस दिया गया। प्रशासन ने इस मकान को ध्वस्त करा दिया। पूरे मामले में विकास प्राधिकरण ने इस मकान को बनाने के लिए नक्शा पास नहीं कराने की बात कही है।

प्रयागराज में हिंसा में पथराव होने के बाद सड़क कुछ ऐसी दिखी थीं।
प्रयागराज में हिंसा में पथराव होने के बाद सड़क कुछ ऐसी दिखी थीं।

थाने में FIR कराने से होगी नुकसान की भरपाई
IG प्रयागराज रेंज डॉ. राकेश कुमार सिंह के मुताबिक प्रयागराज हिंसा में कई स्थानीय लोगों के घरों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। लोग खुद थाने जाकर FIR दर्ज करवा सकते हैं। उपद्रवियों से नुकसान की भरपाई कराई जाएगी। प्रयागराज के करेली और खुल्दाबाद थानों में अब तक 5 FRI दर्ज हो चुकी हैं।

हिंसा मामले में अब तक 92 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। करीब 95 नामजद और 5 हजार से ज्यादा अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें से 92 आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। अटाला मस्जिद के इमाम सहित 67 आरोपियों को भी जेल भेजा जा चुका है।

ये तस्वीर अटाला की एक गली की है। पुलिस ने बवालियों को भगाया तो सब चप्पलें छोड़ कर भागे थे।
ये तस्वीर अटाला की एक गली की है। पुलिस ने बवालियों को भगाया तो सब चप्पलें छोड़ कर भागे थे।

CCTV फुटेज से पहचाने गए आरोपियों के पोस्टर 2 दिन में होंगे जारी
पुलिस ने अटाला, नुरुल्ला रोड पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज, मीडियाकर्मियों द्वारा खीचीं गई तस्वीरें और वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान का प्रयास कर रही है। अब इनकी तस्वीर निकालकर पुलिस पोस्टर जारी करने की तैयारी में है। दो दिन में ये पोस्टर पुलिस जारी कर देगी।

अभी तक की जांच में एक बात सामने आई है कि अटाला हिंसा में भाड़े के भी उपद्रवी बाहर से बुलाए गए थे। इसका पुलिस को पता उस CCTV कैमरे की फुटेज से मिला। जिसमें दिख रहा है कि हिंसा से पूर्व बड़ी संख्या में उपद्रवी अटाला क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर एकत्र होते हैं और पेट्रोल खरीदते हैं। उपद्रवियों को बाकायदा नाश्ते के पैकेट भी बांटे गए हैं। इससे जांच एजेंसियों को बाहर से फंडिंग के पुख्ता सुबूत मिल गए हैं।

बवालियों के चेहरे ढके हुए थे। इसलिए पुलिस कई फोटोग्राफ का मिलान कर रही है।
बवालियों के चेहरे ढके हुए थे। इसलिए पुलिस कई फोटोग्राफ का मिलान कर रही है।

घर गिराए जाने को हाईकोर्ट में चैलेंज करेंगी परवीन
प्रयागराज में जुमे की नमाज के बाद पथराव आगजनी मामले के आरोप में गिरफ्तार मास्टरमाइंड जावेद अहमद की पत्नी परवीन फात्मा मकान ध्वस्तीकरण के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर करेंगी। कुछ वकीलों ने मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर याचिका कायम कर हस्तक्षेप करने की मांग की थी।

अधिवक्ता केके राय ने बताया कि याचिका की तैयारी की जा रही है। कल दाखिल की जायेगी‌ और कोर्ट से सुनवाई की प्रार्थना की जायेगी। महानिबंधक कार्यालय से बात हुई। उन्होंने बताया कि नियमित याचिका दायर करें। पत्र पर सुनवाई नहीं हो सकती। इसके बाद नियमित याचिका की तैयारी की जा रही है।

13 एफआईआर और 337 उपद्रवी गिरफ्तार
एडीजी कानून एवं व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि 10 जून को राज्य में विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर मंगलवार सुबह 7 बजे तक कुल 337 आरोपी गिरफ्तार हुए। प्रयागराज से 92, सहारनपुर से 83, हाथरस से 52, मुरादाबाद से 40, फिरोजाबाद से 18 और अंबेडकरनगर से 41 को गिरफ्तार किया गया है। कुल 13 एफआईआर दर्ज हुईं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *