क्या है कबूतरबाजी का मामला? जिसमें 19 साल बाद दलेर मेहंदी गिरफ्तार, दो साल की हुई सजा

पंजाब की पटियाला पुलिस ने गायक दलेर मेहंदी को गिरफ्तार किया है। उन पर यह कार्रवाई 19 साल पुराने मामले में हुई है। दरअसल, मेहंदी पर 2003 में कबूतरबाजी का केस दर्ज हुआ था। साल 2018 में पटियाला की कोर्ट ने उन्हें दो साल की सजा सुनाई थी। सजा को रद्द करने की अपील दलेर मेहंदी ने की थी। मगर पटियाला के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने याचिका को रद्द कर दिया और सजा को बरकरार रखा। इसके बाद गायक को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया। पंजाब में अवैध तरीके से लोगों को विदेश भेजने के धंधे को कबूतरबाजी कहा जाता है।
जानें पूरा मामला
साल 2003 में पटियाला थाना सदर की पुलिस ने गांव बलवेड़ा के रहने वाले बख्शीश सिंह की शिकायत पर दलेर मेहंदी, उनके भाई श्मशेर सिंह, ध्यान सिंह, बुलबुल मेहता के खिलाफ विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों की धोखाधड़ी करने का केस दर्ज किया था।
बख्शीश सिंह ने शिकायत दी थी कि दलेर मेहंदी ने विदेश भेजने के नाम पर 13 लाख रुपये लिए थे लेकिन बाद में न तो विदेश भेजा और न ही उसके पैसे लौटाए। आरोप के अनुसार, दलेर मेहंदी जब शो के लिए विदेश जाते थे तो कई लोगों को वह अपने साथ विदेश ले जाते थे।
आरोप है कि दलेर मोटी रकम लेकर लोगों को विदेश भेजते थे। दलेर ने तीन लड़कियों समेत 10 लोगों को सैन फ्रांसिस्को भेजा था। दलेर मेहंदी – फोटो : अमर उजाला
15 साल बाद 2018 में दलेर मेहंदी को पटियाल कोर्ट ने दो साल की सजा सुनाई है। दलेर पर कबूतरबाजी का आरोप लगा था। सजा सुनाते के बाद तब दलेर को गिरफ्तार कर लिया गया था। 2003 में शमशेर मेहंदी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। शमशेर मेहंदी, दलेर मेहंदी के बड़े भाई हैं। पूछताछ में दलेर मेहंदी का नाम भी इस मामले में आया था। बख्शीश सिंह नाम के एक शख्स ने दलेर पर केस दर्ज करवाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *