परिवहन की वजह बढ़ गए भूसे के दाम:प्रतिबंध के बाद भी भूसे का हो रहा परिवहन
जिले में भूसा के परिवहन पर जिला प्रशासन ने प्रतिबंध लगा रखा है। उसके बावजूद भी मौ नगर सहित पूरे क्षेत्र में धड़ल्ले से भूसे का परिवहन किया जा रहा है। ऐसे में मौ क्षेत्र में भूसे की कमी आएगी। वहीं बाहर जा रहे भूसे से इस बार दाम भी बढ़ गए हैं। गौरतलब है कि कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस अप्रैल माह में पत्र जारी करके जिले से भूसे को ले जाने पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया था। जिसके चलते उन्होंने आदेश जारी किया था।
वहीं मौ क्षेत्र में देखने में आ रहा है कि कलेक्टर के आदेश की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। मौ नगर के लोगों का कहना है कि क्षेत्र का गोवंश सड़कों पर घूमने को मजबूर है। गौशालाओं में साल भर के लिए भूसा की खरीद नहीं हो पा रही है क्योंकि मौ क्षेत्र में बिचौलिए सक्रिय है। बिचौलियों के कारण भूसा की कीमतें आसमान छू रही हैं। स्थानीय लोगों ने भूसे के परिवहन पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि भूसे के बढ़ते दामों पर अंकुश लग सके।
बाहर के जिलों में भूसे का परिवहन जारी
गर्मी के सीजन के साथ बारिश के सीजन में भी मौ नगर सहित पूरे क्षेत्र से रोजाना आठ से दस भूसे से भरे भारी लोडिंग वाहन ग्वालियर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में परिवहन के लिए जा रहे हैं। इस बात की जानकारी स्थानीय प्रशासन और पुलिस को होने के बाद भी उनके द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।