नगर निगम को 31 मार्च 2023 तक पूरा करना है संपत्ति कर वसूली का लक्ष्य

ग्वालियर । नगर निगम में संपत्ति कर वसूली का लक्ष्य इस बार 242 करोड़ रुपये निर्धारित किया है, लेकिन अभी तक वसूली सिर्फ 44 करोड़ रुपये ही हो सकी है। निगम के अमले को 31 मार्च 2023 तक तय वसूली करनी है। ऐसे में जितने दिन शेष रह गए हैं, उसके अनुसार निगम अमले को प्रतिदिन एक करोड़ रुपये की वसूली करनी होगी, तब निर्धारित लक्ष्य पूरा हो पाएगा। निगम अमले की तैयारी के अनुसार मार्च 2023 तक बड़े बकायादारों से ही 20 करोड़ रुपये की वसूली की जानी है। लक्ष्य पूरा हो सकेगा या नहीं, इस संबंध में अधिकारी कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। निगम ने गत वर्ष भी 242 करोड़ रुपये की संपत्ति कर वसूली का लक्ष्य तय किया था। वसूली सिर्फ 81 करोड़ रुपये से कुछ अधिक ही हो सकी थी। इस बार वही लक्ष्य दोहराया गया है, लेकिन वसूली का काम अब भी ठंडा पड़ा हुआ है। निगम का अमला बीच-बीच में बड़े बकायादारों से वसूली की कार्रवाई करता है,इसके बाद मामले में ढील दे दी जाती है। इससे अभी तक सिर्फ 44 करोड़ रुपये की ही वसूली हो पाई है। पिछले दिनों नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल ने संपत्ति कर वसूली की समीक्षा करते हुए नाराजगी जताई थी और कहा था कि तय लक्ष्य को अगर पूरा करना है, तो प्रतिदिन एक करोड़ रुपये की वसूली करनी होगी। तब जाकर लक्ष्य के नजदीक पहुंच पाएंगे।

व्यवसायिक संपत्तियों से वसूली में परेशानी बना कचरा शुल्क़प्रिदेश शासन के आदेश के मुताबिक संपत्ति कर के साथ ही गार्बेज शुल्क भी वसूल किया जा रहा है। इसे लेकर शहर में व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और संपत्तियों से वसूली में दिक्कत आ रही है। गार्बेज शुल्क को माफ करने के लिए महापौर ने भी अपने संकल्प पत्र में वादा किया था, लेकिन यह मामला शासन स्तर पर लंबित है।

संपत्ति कर वसूली का आंकड़ा बढ़ाने के लिए हम योजना तैयार कर रहे हैं। बड़े बकायादारों पर फोकस कर रहे हैं, ताकि आंकड़ा तेजी से बढ़ सके। जल्द ही इस कार्रवाई में तेजी लाई जाएगी।

एपीएस भदौरिया, उपायुक्त संपत्ति कर