भोपाल। प्रदेशभर में पुलिस द्वारा अवैध हथियारों का निर्माण, कारोबार करने वालों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने डेढ़ माह में ही अवैध हथियारों के खिलाफ कई कार्रवाइयां की हैं। एक जनवरी से 15 फरवरी तक पुलिस ने प्रदेश में कुल 1297 प्रकरण दर्ज कर 1660 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त करते हुए 854 अवैध हथियार जब्त किए हैं। इन आराेपियों से पुलिस ने पिस्टल, रिवाॅल्वर, देसी कट्टा, बंदूक, तलवार और अन्य धारदार हथियार जब्त किए हैं। पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वालों की भी जानकारी दर्ज करना शुरू कर दिया है। इसके अलावा अवैध हथियारों का निर्माण करने वालोंं पर भी ऑपरेशन प्रहार के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।

अवैध हथियार तस्करों का नेटवर्क किया ध्वस्त

पुलिस ने प्रदेश के भोपाल कमिश्नरेट, इंदौर कमिश्नरेट, इंदाैर ग्रामीण, जबलपुर, चंबल, ग्वालियर, उज्जैन सहित सभी जोनोंं में अवैध हथियारों पर कार्रवाई की है। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने डेढ़ माह के भीतर ही अवैध हथियार रखने वालों पर नकेल कसने का काम किया है। विगत माह 5 जनवरी को ही इंदौर ग्रामीण (जोन) के अंंतर्गत बड़वानी, धार, बुरहानपुर और खरगोन जिले में एक साथ कार्रवाई करते हुए 78 अवैध हथियार और उनके बनाने की सामग्री जब्त की थी। इस दौरान 12 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए क्षेत्र में अवैध हथियारों का निर्माण करने और उनकी तस्करी करने वालों का नेटवर्क ध्वस्त कर दिया गया था। इसी तरह चंबल क्षेत्र के भिंड और मुरैना में भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाइयां की हैं।

सबसे अधिक आरोपी उज्जैन और जबलपुर में पकड़ाए

पुलिस ने प्रदेशभर में सबसे अधिक आरोपी उज्जैन में पकड़े हैं। यहां पुलिस ने एक जनवरी 2023 से 15 फरवरी 2023 तक कुल 190 प्रकरण दर्ज करते हुए 255 आरोपियों को पकड़ा है। इनके कब्जे से कुल 149 अवैध हथियार जब्त किए गए हैें। जबलपुर में कुल 189 प्रकरण दर्ज करते हुए 232 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से कुल 115 अवैध हथियार जब्त किए गए। इंदौर कमिश्नरेट में 187 प्रकरण दर्ज करते हुए 227 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से पुलिस ने 143 अवैध हथियार जब्त कर आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं। वहीं इंदौर (ग्रामीण) में 164 प्रकरण दर्ज करते हुए 202 आरोपियों को गिरफ्तार कर 140 अवैध हथियार जब्त किए गए। वहीं चंबल क्षेत्र में पुलिस ने 176 प्रकरण दर्ज करते हुए 227 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 71 अवैध हथियारों को जब्त किया गया।

पुलिस रख रही नजर :-

अवैध हथियारों का निर्माण करने और उनकी तस्करी करने वालों पर पुलिस नजर रख रही है। सूचना तंत्र से जानकारी मिलने पर अपराधियों पर कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में दूसरे प्रदेश से होने वाली तस्करी को रोकने के लिए पुलिस निगरानी कर रही है। उल्लेखनीय है कि दूसरे प्रदेशों के तस्कर मध्यप्रदेश के कई जिलों से अवैध हथियार लाने ले जाने का काम करते हैं। वर्ष 2022 में पुलिस ने प्रदेश के बाहर के कई तस्करों को धरदबोचा था।

सिकलीगरों को दे रहे समझाइश :-

एक तरफ जहां पुलिस अवैध हथियार बनाने वालों पर कार्रवाई कर रही है वहीं उनसे संवाद कर समाज की मुख्यधारा में जोड़ने का प्रयास भी कर रही है। इसके लिए अवैध हथियारों का निर्माण करने वाले सिकलीगरों के गांवों में जाकर पुलिस शिविर लगाती है। जनवरी माह में भी पुलिस ने प्रदेश के सीमावर्ती जिले बुरहानपुर के खकनार क्षेत्र के गांवों में जाकर सिकलीगरों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। ऐसे ही आयोजन बड़वानी जिले के सेंधवा से लगे ग्राम उमर्ठी, वरला-बलवाड़ी सहित अनेक स्थानों पर किए गए हैं।