ग्वालियर :सड़कों के ऊपर झूलती मौत ..?

सड़कों के ऊपर झूलती मौत:होर्डिंग के स्ट्रक्चर में जंग, हवा से कियोस्क की बदली दिशा डिवाइडर पर लगा दिए यूनीपोल, कभी भी हो सकती है दुर्घटना
चेतकपुरी में 17 दिन पहले और सिटी सेंटर क्षेत्र में 11 साल पूर्व सड़क किनारे लगे होर्डिंग के गिरने के बाद भी नगर निगम के अधिकारी सबक लेने को तैयार नहीं है।

चेतकपुरी में 17 दिन पहले और सिटी सेंटर क्षेत्र में 11 साल पूर्व सड़क किनारे लगे होर्डिंग के गिरने के बाद भी नगर निगम के अधिकारी सबक लेने को तैयार नहीं है। अभी तक सड़क किनारे ही होर्डिंग खतरा बने खड़े नजर आते है। अब ‘एल सेप’ में लगे होर्डिंग सड़कों के ऊपर ही मौत की तरह दिख रहे हैं। शहरवासियों का कहना है कि तेज आंधी कभी-भी इन्हें अपनी चपेट मे ले सकती है। यही नहीं पुराने होर्डिंग के स्ट्रक्चर में कई जगह जंग लगी हुई है और कई टूटे पड़े हैं।

सिंधिया कन्या स्कूल के पास और मोती तबेला मार्ग पर डिवाइडरों पर पोल के ऊपर लगे कियोस्क आंधी में अपनी दिशा को बदल चुके है। चेतकपुरी में 15 मई को गिरे होर्डिंग में निगम की टीम को भौतिक सत्यापन में खामी मिली थी। इस सबके बाद भी निगम के जिम्मेदार होर्डिंग और यूनीपोल के स्ट्रक्चर को लेकर दावे कर रहे हैं कि स्ट्रक्चर को कंपनी अपने इंजीनियर से सर्टिफाइट कराकर दे रही है। वहीं घरों के ऊपर लगे होर्डिंग के स्ट्रक्चर का भगवान मालिक है।  …

टीम ने शहर में कुछ होर्डिंग, यूनीपोल और कियोस्क को जाकर देखा।

उसमें सड़क की तरफ लगाए गए होर्डिंग दूर से ही खतरनाक दिखाई दे रहे हैं। ये होर्डिंग रोड बाइंडिंग एरिया, फुटपाथ और सड़कों के नजदीक लगा दिए हैं। गौरतलब है कि पिछले दिनों लखनऊ में आई तेज आंधी से होर्डिंग गिरने से मां-बेटी की मौत हो गई थी।उधर, जिम्मेदार अफसरों ने पहली बार यूनीपोल और होर्डिंग का 5 लाख रुपए का बीमा कराया है। यदि कोई घटना होती है, जो पीड़ित व्यक्ति को बीमा कंपनी के माध्यम से राशि दी जाएगी।

1 सर्विस लेने के डिवाइडर पर लगाया होर्डिंग- लोनिवि ने झांसी रोड को फोरलेन किया है। यहां पर फोरलेन के बगल में डिवाइडर बनाकर सर्विस रोड बनाई है। निगम ने दोनों रोड के डिवाइडर पर ही होर्डिंग लगा दिया।

2 बसंत टॉकीज के सामने शौचालय के नजदीक: यहां पर लगे होर्डिंग के पोल नट की प्लेट में जंग लगी हुई है। यही स्ट्रक्चर की सबसे ज्यादा मजबूती होती है।

3 केंद्रीय विद्यालय के पास: यहां पर एक शौचालय बना हुआ है। उसके ऊपर होर्डिंग लगाया गया है। उसके पाइप में भी जंग लगी दिख रही है।

4 मोती तबेला एवं सिंधिया कन्या स्कूल के सामने: यहां डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट के पोल लगे हैं। हाल के दिनों में आई आंधी में उनकी दिशा बदल चुकी है। यही स्थिति मोती तबेला मार्ग की भी है।

अभी तक शहर में होर्डिंग व कियोस्क गिरने की घटना

  • जून 2012- एमआईटीएस में पढ़ने वाली छात्रा कीर्ति सक्सेना के ऊपर सिटी सेंटर में होर्डिंग गिरा था। उसमें वह घायल हो गई थी।
  • जून 2017- ऊषा कॉलोनी स्थित बंधन गार्डन में लगा होर्डिंग पास में बने मकान के ऊपर गिर गया था।
  • फरवरी 2020- राजीव प्लाजा के पास पोल पर लगा कियोस्क उड़कर स्कूटर सवार राजेश सक्सेना के ऊपर गिर गया।
  • 15 मई 2023- चेतकपुरी के नारायण बिल्डर का होर्डिंग गिर गया। इसकी पड़ताल में गड़बड़ी सामने आई है।

होर्डिंग ने व्हील चेयर पर ला दी छात्रा की लाइफ

एमआईटीएस से बीई में अंतिम साल की पढ़ाई कर रही कीर्ति सक्सेना ट्यूशन के लिए सिटी सेंटर से गुजर रही थी। उसी वक्त आनंद दीप बिल्डिंग के पास होर्डिंग छात्रा के ऊपर गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल छात्रा के पैरों में काफी चोटें आई थी। एक अवैध होर्डिंग ने छात्रा की लाइफ को व्हील चेयर पर ला दिया है। उसे न तो निगम से और न ही कहीं और से मदद मिली। कीर्ति के पिता आरके सक्सेना का कहना है कि कीर्ति के मामले में न्यायालय से पांच लाख रुपए देने के आदेश मिले थे। वह भी अभी तक नहीं मिले है, लेकिन उसने हौसला बनाए रखा है। वह अब व्हील चेयर से ही एक निजी स्कूल जाती है।

यूनीपोल का सर्वे कराया है

“शहर में लगे होर्डिंग-यूनीपोल का सर्वे कराया है। अभी जो जानकारी है, इसमें कुछ जगह गड़बड़ी मिली है। उन होर्डिंग-यूनीपोल को हटाया जाएगा।”
-हर्ष सिंह, आयुक्त, नगर निगम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *