चिंता की बात:मप्र में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ते जा रहे हैं

सरकार ने माना- प्रदेश में रोजाना 20 दुष्कर्म, 5 साल में 18% केस बढ़ गए
मध्य प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ते जा रहे हैं। 2020 में 6,134 दुष्कर्म के मामले दर्ज हुए थे, जो 2024 में बढ़कर 7,202 हो गए। यानी, राज्य में हर दिन औसतन 20 दुष्कर्म हो रहे हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यह जानकारी कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय के सवाल के जवाब में दी। सवाल में पूछा गया था कि 2023-24 की वार्षिक प्रतिवेदन में दर्ज 5,374 दुष्कर्म के मामलों की जानकारी सही है।
असल में, 2023-24 में 7,202 मामले दर्ज हुए थे। अनुसूचित जाति और जनजाति से जुड़े मामलों में भी बड़ा अंतर पाया गया। प्रतिवेदन में 883 मामले दर्ज थे, जबकि असल संख्या 3,831 थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के अलावा जब जिलों जानकारी बुलवाई गई तो यह अंतर आया।
महिला सुरक्षा शाखा ने 5,374 मामले बताए, जबकि अजाक शाखा ने अनुसूचित जाति व जनजाति से जुड़े 883 मामले बताए। जिलों से रिपोर्ट मिलने के बाद सही आंकड़े 7,202, इनमें अनुसूचित जाति, जनजाति के 3,831 पाए गए। जबकि प्रतिवेदन में यह आंकड़ा 883 पाया गया था।
