शिक्षक भर्ती और पशुधन घोटाले को लेकर आज से सरकार के खिलाफ कांग्रेस का ‘पोल खोल’ अभियान
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में दो ताजा घोटालों ने उबाल ला दिया है. प्रदेश कांग्रेस आज से योगी सरकार के खिलाफ 69000 शिक्षक भर्ती में हुए फर्जीवाड़े और पशुधन घोटाले को लेकर अभियान चलाएगी. कांग्रेस ने अपने इस अभियान का नाम ‘पोल खोल अभियान’ रखा है. कांग्रेस का कहना है कि वो अभियान के तहत भ्रष्टाचार को लेकर योगी सरकार की पोल खोलेगी.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय लल्लू का हल्ला बोल
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बसों के मामले में जेल से बाहर आते ही कहा था कि वे योगी सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर किए बिना नहीं रहेंगे. अब उनका कहना है कि उनकी पार्टी 69000 शिक्षक भर्ती घोटाले और पशुधन घोटाले के मुद्दे पर योगी सरकार के खिलाफ प्रदेश भर में अभियान चलाएगी. कांग्रेस घोटालों और पनप रहे भ्रष्टाचार को लेकर योगी सरकार के खिलाफ ‘पोल खोल अभियान’ शुरू कर रही है.
‘पोल खोल अभियान’ के तहत कांग्रेस प्रत्येक जिले और ब्लॉक स्तर पर बड़े पैमाने पर पर्चा वितरण और पोस्टर के जरिये राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार को जनता की नजरों में लाने का काम करेगी. कांग्रेस अध्यक्ष अजय लल्लू पहले ही दोनों मामलों पर मुख्यमंत्री की चुप्पी पर निशाना साध चुके हैं और ये आरोप लगा चुके हैं कि वे खुद भ्रष्टाचार में लिप्त हैं.