मध्य प्रदेश

भिंड में गुस्साए ग्रामीणों ने रेत से भरा ट्रैक्टर जलाया…2 पर FIR !

भिंड में गुस्साए ग्रामीणों ने रेत से भरा ट्रैक्टर जलाया
ड्राइवर के साथ मारपीट की; अवैध उत्खनन को लेकर बवाल में 2 पर FIR

भिंड जिले के अमायन थाना क्षेत्र के बरौठी गांव में सरकारी रास्ते और मरघट की जमीन पर हो रहे अवैध रेत उत्खनन को लेकर शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात दो पक्षों में बड़ा विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्साए ग्रामीणों ने रेत से भरे एक ट्रैक्टर में आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, पिछले कई दिनों से बरौठी गांव में सिंध नदी से रेत के अवैध उत्खनन को लेकर तनाव बना हुआ था। ग्रामीणों का कहना है कि दूसरे गांव के कुछ लोग रात के समय रेत निकालने आते हैं, जिसकी शिकायत कई बार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

रोकने पर हुआ झगड़ा, ट्रैक्टर जलकर खाक

शुक्रवार रात भी जब कुछ लोग अवैध रेत लेकर जा रहे थे, तो ग्रामीणों ने उन्हें रोक लिया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया और गुस्साए ग्रामीणों ने रेत से भरे ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया। चालक से मारपीट भी की गई और ट्रैक्टर पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

थाना प्रभारी बोले- 2 आरोपियों पर मामला दर्ज

अमायन थाना प्रभारी अभिषेक राय ने बताया कि अज्ञात लोगों द्वारा ट्रैक्टर चालक से मारपीट कर वाहन में आग लगाने की घटना हुई है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

खनिज विभाग और प्रशासन की चुप्पी पर सवाल

भिंड जिले में अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासनिक सख्ती अब ढीली पड़ गई है। पूर्व कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के तबादले के बाद स्थिति बदल गई है। वर्तमान कलेक्टर करोड़ी लाल मीणा के कार्यकाल में खनिज विभाग के अधिकारी और स्थानीय प्रशासनिक अमला रेत माफिया पर कार्रवाई से बचते नजर आ रहे हैं। एडीएम एल.के. पांडेय के पास खनिज विभाग का प्रभार होने के बावजूद अब तक किसी खदान पर औचक निरीक्षण नहीं किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बरौठी गांव की यह घटना प्रशासनिक लापरवाही और रेत माफिया के बढ़ते हौसलों की ओर इशारा करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *