भाजपा अध्यक्ष शर्मा, मंत्री पटेल भी पॉजिटिव

भोपाल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की तीसरी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ विशेष विमान से राज्यपाल लालजी टंडन की अंत्येष्टि में लखनऊ जाने वालों में शामिल थे। इस यात्रा में शामिल रहे भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, सीएम शिवराज और सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया पहले ही पॉजिटिव आ चुके हैं। शर्मा और उनकी पत्नी ने पहले भी कोविड -19 का टेस्ट कराया था। रिपोर्ट निगेटिव आने के बावजूद वे होम क्वारेंटाइन थे। दूसरी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद वे एक निजी अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। इधर, सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार शाम ट्वीट किया कि – वीडी शर्मा के अस्वस्थ होने की सूचना प्राप्त हुई है। ईश्वर उन्हें जल्द ही पूर्ण स्वस्थ्य करें मेरी, यही प्रार्थना है।

ये भाजपा नेता संक्रमित

इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट और उनकी पत्नी, सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया, विधायक राकेश गिरी, पूर्व मंत्री तरुण भनोट के चाचा भी पॉजिटिव आ चुके हैं।

सिलावट के कॉन्टैक्ट में थे 51 लोग, सैंपल लिए

इंदौर। बुधवार को 51 लोगों का पता चला, जो मंत्री सिलावट के निकट संपर्क में आए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी के सैंपल लेकर उन्हें एहतियातन होम क्वारेंटाइन रहने की सलाह दी गई है। इनमें से 17 मंत्री सिलावट के परिवार के लोग हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 51 लोगों के भी संपर्कों को भी खंगाला जा रहा है। मंत्री तुलसीसिलावट ने बुधवार को वर्चुअल वीडियो कॉन्फ्रेंस में भाग लिया। इसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट के माध्यम से दी। इसके साथ ही सिलावट ने राफेल विमान और भारत सरकार की नई शिक्षा नीति का भी स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *