भोपाल में मिसरोद में कैफे पर हमला, 20 नकाबपोशों ने जमकर किया तोड़फोड़ !

भोपाल के मिसरोद इलाके में मंगलवार (18 नवंबर) देर रात मैजिक स्पॉट कैफे पर नकाबपोशों ने जमकर उत्पात मचाया। करीब 20 से ज्यादा नकाबपोश हमलावर महज दो मिनट में कैफे में घुसे और तलवार तथा डंडों से जमकर तोड़फोड़ कर भाग निकले। घटना के तुरंत बाद सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गए और पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कई टीमें मौके पर लगाई। शुरुआती जांच में पुलिस इस वारदात को किसी रंजिश के साथ के साथ जोड़कर देख रही है।
कैफे में 20 से ज्यादा नकाबपोश बदमाशों ने तलवार-डंडों से जमकर तोड़फोड़ की थी। घटना दो मिनट से भी कम समय में अंजाम दी गई और सीसीटीवी फुटेज रातभर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे।
तीन थानों की संयुक्त टीमें जांच में लगीं
हमले की गंभीरता को देखते हुए मिसरोद, बागसेवनिया और कटारा हिल्स थानों की संयुक्त टीमें बना दी गई हैं। ये टीमें अलग-अलग एंगल पर काम कर रही हैं, जिनमें सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, संदिग्धों के रूट मैप का अध्ययन, स्थानीय विवादों की पड़ताल और कैफे से जुड़े पुराने मामलों की जांच शामिल है। पुलिस का कहना है कि सभी टीमें लगातार फील्ड में जुटी हैं।
एफआईआर में पांच नामजद
कैफे संचालक सक्षम गिरि ने योगी, निखिल, अभिषेक सहित पांच लोगों को नामजद किया है और साथ ही अज्ञात आरोपियों पर भी मामला दर्ज कराया है। सक्षम ने हमले के पीछे किसी ठोस विवाद का खुलासा नहीं किया है।
डीसीपी विवेक सिंह के अनुसार, प्राथमिक जांच में यह साफ दिख रहा है कि हमलावरों की मंशा लूटपाट नहीं थी। वे सीधे कैफे में घुसे, तोड़फोड़ की और भाग निकले। इससे पुलिस को रंजिश की आशंका लग रही है। उन्होंने कहा
- हमारा शुरुआती आकलन कहता है कि रंजिश जैसी स्थिति लग रही है। क्योंकि न लूट हुई, न कोई सामान छीना- सिर्फ तोड़फोड़ कर निकल गए।
- कैफे संचालक सक्षम गिरि रंजिश की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे, लेकिन उन्होंने एफआईआर में 2–3 नाम संदेही के तौर पर लिखाए हैं।

