मध्य प्रदेश

अनुमति से ज्यादा निर्माण …रिकॉर्ड में सिर्फ 1100 अनुमतियां हैं, जबकि निर्माण बड़ी संख्या मे….

निगम की कार्रवाई:अनुमति से ज्यादा निर्माण बुलडोजर से ढहाया, रोज होगी ऐसी कार्रवाई

नादिर कॉलोनी में मर्लिन बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड के निर्माणाधीन ऑफिस पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की। कंपनी तय अनुमति से ज्यादा निर्माण करवा रही थी, जिसे नगर निगम ने मंगलवार को ढहा दिया। कार्रवाई के दौरान स्ट्रक्चर हिलने लगा, तो कार्रवाई बीच में ही रोकनी पड़ी।

नगर निगम ने यहां 7 दिन के अंदर अवैध निर्माण खुद ही तोड़ने का नोटिस भी चस्पा कर दिया है। अगर इसके बाद भी कंपनी अवैध निर्माण को नहीं गिराती है, तो निगम उसे गिरा देगा।

दरअसल, मर्लिन बिल्डकॉन प्राइवेट कंपनी दो मंजिला इमारत बनवा रही है। निगम की टीम यहां पहुंची और कंपनी के डायरेक्टर रोहित जैन को मौके पर बुलाया। बिल्डिंग परमिशन शाखा तय अनुमति से ज्यादा निर्माण को लेकर कंपनी को पहले ही नोटिस जारी कर चुकी थी। इसके बाद भी अवैध निर्माण नहीं रोका गया, जिसके बाद कार्रवाई की गई।

बिल्डिंग परमिशन शाखा को लिस्ट बनाने के लिए कहा

निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने बताया कि मंगलवार को अनुमति से ज्यादा निर्माण पर पहली कार्रवाई की गई है। अब आगे शहर में सभी निर्माणाधीन बिल्डिंग को नोटिस भेजे जाएंगे। इसके लिए बिल्डिंग परमिशन शाखा को अवैध निर्माण की लिस्ट तैयार करने और उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस के बाद भी जो अवैध निर्माण को खुद नहीं तोड़ेगा उसे निगम द्वारा तोड़ा जाएगा।

शहर में हर निर्माणाधीन भवन पर अनुमति का बोर्ड लगाना होगा

अब हर निर्माणाधीन मकान, बिल्डिंग या प्रोजेक्ट के आगे अनुमति का बोर्ड लगाना अनिवार्य होगा। अनुमति पत्र में दिए गए बारकोड को स्कैन कर भवन मालिक बोर्ड का प्रोफार्मा ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। इसे ही प्रिंट करवाकर लगाना होगा।

इस बोर्ड पर निर्माण की पूरी जानकारी (अनुमति का साइज, बिल्डर का नाम) अंकित होगी। निगम के रिकॉर्ड में सिर्फ 1100 अनुमतियां हैं, जबकि निर्माण बड़ी संख्या में हो रहे हैं। अनुमति का बोर्ड लगाने से सभी निर्माणों की जानकारी रहेगी और राजस्व भी बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *