मध्य प्रदेश

पूर्व डीजी की EOW में शिकायत !

लोकसभा चुनाव लड़ चुके पूर्व डीजी की EOW में शिकायत:भोपाल के इंजीनियर का आरोप- मैथिलीशरण गुप्त ने चुनाव लड़ने शपथपत्र में दी गलत जानकारी
रिटायर्ड डीजी मैथिलीशरण गुप्त के खिलाफ शिकायत की गई है।

मध्य प्रदेश पुलिस से रिटायर्ड डीजी मैथिलीशरण गुप्त के खिलाफ ईओडब्ल्यू में शिकायत की गई है। शिकायत दानिश कुंज कोलार में उनके बंगले के पड़ोस के प्लॉट मालिक इंजीनियर माधव गुप्ता ने की है।

शिकायत में आरोप लगाया है कि पूर्व डीजी ने 2024 में भोपाल लोकसभा से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव के नामांकन के दौरान उनकी ओर से एक शपथ पत्र दिया था। शपथ पत्र में संपत्ति संबंधी जानकारी गलत है। इसमें उन्होंने अपनी संपत्ति की कीमत बेहद कम बताई है।

2024 के लोकसभा चुनाव में मैथिलीशरण गुप्ता ने धोती कुर्ता पहनकर प्रचार किया था। उन्हें कुल 448 वोट मिले थे।

बंगला 1996 में खरीदा, 2010 में रजिस्ट्री हुई

मैथिलीशरण गुप्त दानिश कुंज कोलार में रहते हैं। उनके खिलाफ शिकायत करने वाले माधव गुप्ता ने बताया कि मैथिलीशरण गुप्त की ओर से चुनाव नामांकन के दौरान शपथ पत्र दिया गया था, जिसमें उन्होंने स्वयं का बंगले (दानिशकुंज स्थित) की वर्तमान कीमत 3.10 करोड़ बताई है। साथ ही इस बंगले को उन्होंने 1996 में खरीदना बताया।

जबकि हकीकत यह है कि इस बंगले की रजिस्ट्री 2010 में कराई गई। कीमत भी उनकी दी गई जानकारी से अधिक है। बंगले की मार्च 2010 में रजिस्ट्री के समय कीमत 23.60 लाख रुपए थी। लेकिन बंगले को 3.85 लाख रुपए में खरीदना बताया गया। बाकी की कीमत को अलग-अलग अदा किया गया था। इसके प्रमाण शिकायत आवेदन के साथ संलग्न कर दिए हैं।

पड़ोसी बोले- हमारी जमीन पर भी कब्जा किया

इंजीनियर माधव गुप्ता ने बताया कि अपने रसूख का फायदा उठाकर मैथिलीशरण गुप्त ने मेरे प्लॉट के कुछ हिस्से में कब्जा कर लिया है। जिसमें उन्होंने अवैध रूप से पार्किंग बनाई है। जिसकी शिकायत की तो मुझ पर ही धमकाने व अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज करा दी गई। आए दिन हमें धमकाते हैं, थाने शिकायत करने जाओ तो सुनवाई नहीं होती।

मैथिलीशरण स्वयं को अपराध एवं क्राइम फ्री भारत मिशन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताते हैं।

डीजी बोले- चोरी और सीना जोरी कर रहा माधव ………….. पूर्व डीजी मैथिलीशरण गुप्त ने बताया कि माधव गुप्ता नियम विरुद्ध कंस्ट्रक्शन कर रहा है। मैंने इसके खिलाफ कई शिकायत कर रखी है। इसीलिए वह चोरी के साथ सीना जोरी कर रहा है। हमने किसी प्रकार का कोई अतिक्रमण नहीं किया है।

माधव ने कंस्ट्रक्शन के लिए कई हरे पेड़ काट दिए हैं। 6 नवंबर को माधव ने नगर निगम के क्षेत्र में कब्जा किया, यहां कई गहरे-गहरे गड्‌डे किए हैं, जिससे मेरा मकान कमजोर हो गया है। नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस ने माधव के खिलाफ नोटिस जारी कर रखे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *