रुद्रा बिल्डवेल के निदेशक समेत 6 लोगों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज !!
फरीदाबाद के ध्यानार्थ::::: रुद्रा बिल्डवेल के निदेशक समेत 6 लोगों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रुद्रा बिल्डवेल के निदेशक समेत 6 लोगों पर 46 लाख से अधिक की धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने फ्लैट बुकिंग के नाम पर 46.39 लाख रुपये ठग लिए। फर्जी एग्रीमेंट बनाकर बैंक से उसके नाम पर ऋण दिलाया और वो पैसे भी हड़प लिए। बाद में जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
फरीदाबाद के सेक्टर-16 निवासी तरुण कुमार कौशिक का कहना है कि ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-16 में रुद्रा बिल्डवेल बिल्डर का कार्यालय हैं। कंपनी का निदेशक राजकुमार है। आरोप है कि केबी नोज अपार्टमेंट के टावर डी की चौथी मंजिल का एक फ्लैट 63.92 लाख रुपये में बुक किया था। 13 जुलाई, 2019 को चेक व नकदी के माध्यम से 6.39 लाख रुपये जमा करा दिए गए। इसकी रसीद भी दी गई। बाद में बिल्डर ने बैंक से खरीदार के नाम पर 40 लाख रुपये का ऋण ले लिया। आरोप है कि आरोपियों ने फ्लैट बनाकर बेचने का फर्जी एग्रीमेंट बनाकर दिया। उसके आधार पर बैंक से लोन दिलाया और वो पैसे भी ठग लिए। आरोप है कि जब फ्लैट के बारे में संपर्क किया तो धमकी देकर भगा दिया।
जून, 2025 को ग्रेनो वेस्ट स्थित कार्यालय पर बात की तो गाली गलौज व जान से मारने की धमकी देकर उसे भगा दिया। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। बाद में कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। बिसरख कोतवाली के प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर निदेशक राजकुमार समेत 6 के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

