फ्लिपकार्ट वेयरहाउस पर खाद्य विभाग का छापा, शिकायत के बाद लिए गए पतंजलि सहित कई ब्रांड के घी के सैंपल
उत्तर प्रदेश खाद्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को बुलंदशहर स्थित फ्लिपकार्ट के एक वेयरहाउस पर छापा मारा।
यूपी के बुलंदशहर स्थित कोतवाली सिकंदराबाद क्षेत्र में स्थित फ्लिपकार्ट के बड़े वेयरहाउस पर शुक्रवार को खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वेयरहाउस में पतंजलि ब्रांड का देसी घी बड़ी मात्रा में पाया गया, जिसके सैंपल खाद्य विभाग द्वारा लिए गए।
सैंपलिंग फेल होने के बाद भी बचा है पतंजलि ब्रांड का देसी घी
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले भी पतंजलि का देसी घी सैंपलिंग में फेल पाया जा चुका है, इसके बावजूद वेयरहाउस में इसका स्टॉक मौजूद मिला और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर इसकी बिक्री जारी थी। टीम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सैंपलिंग की प्रक्रिया शुरू की है।
गोदरेज और बैद्यनाथ ब्रांड के देसी घी के भी सैंपल लिए गए
सहायक अपर खाद आयुक्त विनीत कुमार ने बताया कि उपभोक्ता की शिकायत के बाद फ्लिपकार्ट वेयरहाउस में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पतंजलि के साथ-साथ गोदरेज और बैद्यनाथ ब्रांड के देसी घी के भी सैंपल लिए गए हैं। सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।