‘हर तरफ से घेरा जा रहा, अमेरिका, इजरायल और यूरोप !!!!!
‘हर तरफ से घेरा जा रहा, अमेरिका, इजरायल और यूरोप…’, ईरान के राष्ट्रपति ने युद्ध की दी चेतावनी!
अमेरिका, इजरायल और यूरोप को लेकर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि आर्थिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और सुरक्षा से जुड़े हर क्षेत्र में हम पर दबाव बनाया जा रहा है.
अमेरिका, इजरायल और यूरोप को लेकर क्या बोले ईरानी राष्ट्रपति
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक पेजेशकियन ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की आधिकारिक वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में कहा कि मेरे विचार से हम अमेरिका, इजरायल और यूरोप के साथ युद्ध में हैं. वे नहीं चाहते कि हमारा देश अपने पैरों पर खड़ा हो. उन्होंने कहा कि 1980 के दशक में इराक के साथ युद्ध में हालात साफ थे.
पेजेशकियन ने कहा- आज की जंग अलग है
उनके मुताबिक उस समय मिसाइलें दागी जाती थीं और यह साफ होता था कि जवाब कहां देना है, लेकिन आज की जंग अलग है. अब हमें हर तरह से घेरा जा रहा है. ईरानी राष्ट्रपति के मुताबिक मौजूदा संघर्ष सिर्फ सैन्य नहीं आर्थिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और सुरक्षा से जुड़े हर क्षेत्र में दबाव बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि हमें चारों तरफ से घेर कर परेशान किया जा रहा है और लगातार समस्याएं पैदा की जा रही हैं.
ट्रंप से मिलेंगे नेतन्याहू
इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू अमेरिका दौरे पर जाने वाले हैं. रिपोर्ट के मुताबिक वो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ईरान के खिलाफ भविष्य में संभावित सैन्य कार्रवाई के विकल्पों पर जानकारी दे सकते हैं. पश्चिमी मीडिया में यह भी दावा किया जा रहा है कि ईरान अपने बैलिस्टिक मिसाइल उत्पादन ढांचे को फिर से खड़ा कर रहा है और जून में हुए संघर्ष के दौरान क्षतिग्रस्त एयर डिफेंस सिस्टम की मरम्मत कर रहा है.
इजरायल ने अमेरिका को यह भी बताया है कि हाल ही में किया गया ईरानी मिसाइल अभ्यास किसी बड़े हमले की तैयारी का हिस्सा हो सकता है. इजरायली सेना प्रमुख ने इस आशंका को सीधे अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रमुख के सामने उठाया है.
‘ईरान और मजबूत हुआ’
पेजेशकियन ने दावा किया है कि ईरान इजरायल के साथ हुई 12 दिनों की जंग के बाद अब और भी मजबूत हो गया है. उन्होंने कहा कि हम उपकरण और मानव संसाधन दोनों के लिहाज से पहले से ज्यादा ताकतवर हैं. अगर दुश्मन टकराव का रास्ता चुनता है, तो उसे और सख्त जवाब मिलेगा.

