MP में 2026 में 32 IAS-IPS होंगे रिटायर !!!!

मध्यप्रदेश कैडर के 16 आईएएस और 16 आईपीएस अधिकारी अगले साल रिटायर होने वाले हैं। इनमें डीजीपी, स्पेशल डीजी, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसपी स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
मुख्य सचिव अनुराग जैन को एक साल का विस्तार मिला है। अगर उन्हें दोबारा विस्तार नहीं मिलता है, तो वे 2026 में 30 सितंबर को रिटायर हो जाएंगे। वहीं, अगले साल शिवपुरी के कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी, शहडोल के कलेक्टर केदार सिंह और चंबल संभाग के कमिश्नर सुरेश कुमार भी रिटायर होंगे।
इधर, 1996 बैच के आईएएस अधिकारी और खनिज साधन व पशुपालन विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव भी अगले साल अगस्त में रिटायर होंगे। उन्हें मुख्य सचिव का वेतनमान मिलेगा या नहीं, यह मौजूदा मुख्य सचिव के रिटायर होने और केंद्र में पदस्थ अधिकारियों की वापसी पर निर्भर करेगा।
अगर केंद्र से अपर मुख्य सचिव स्तर का कोई अधिकारी लौटता है, तो उमराव को अपर मुख्य सचिव का वेतनमान अटक सकता है।

एडीजी इंटेलिजेंस, आईजी लॉ एंड ऑर्डर की तलाश
जो अफसर रिटायर होने वाले हैं, उनमें आईपीएस अफसरों में एडीजी इंटेलिजेंस, आईजी लॉ एंड ऑर्डर के पद सरकार में काफी अहमियत रखते हैं। ऐसे में सरकार को अगले साल इन दोनों पदों के लिए योग्य आईपीएस अफसरों की तलाश करनी होगी। इसी तरह माध्यमिक शिक्षा मंडल का पद भी महत्वपूर्ण माना जाता है। इस पद के लिए भी सीनियर आईएएस अधिकारी की पदस्थापना सरकार करेगी।
2025 में 29 आईएएस-आईपीएस रिटायर हुए
इस साल 2025 में कुल 29 आईएएस और आईपीएस अफसर रिटायर हो रहे हैं। मुख्य सचिव अनुराग जैन समेत 20 आईएएस अफसर 2025 में रिटायर होने थे, जिसमें से मुख्य सचिव को एक्सटेंशन मिल गया।
इसी तरह डीजीपी समेत 11 आईपीएस अफसर 2025 में रिटायर होने वाले थे, जिसमें से डीजीपी को सुप्रीम कोर्ट के डीजीपी के कार्यकाल दो साल होने के आदेश के आधार पर एक साल की सेवा वृद्धि मिल गई है। वहीं, स्पेशल डीजी पवन श्रीवास्तव इसी महीने रिटायर होने वाले हैं।


