Agritpatrika

जिन शुरुआती 10 खातों में 2.53 करोड़ ट्रांसफर हुए, उसमें 2 को ही गिरफ्तार कर पाई क्राइम ब्रांच

रामकृष्ण आश्रम: जिन शुरुआती 10 खातों में 2.53 करोड़ ट्रांसफर हुए, उसमें 2 को ही गिरफ्तार कर पाई क्राइम ब्रांच

रामकृष्ण आश्रम मिशन के साथ हुई 2.53 करोड़ की ठगी के आरोपियों को पकड़ने में पुलिस का मनमाना रवैया सामने आया है। मामले की जांच कर रही क्राइम ब्रांच ने कोर्ट को बताया कि कुल 2.53 करोड़ रुपए सबसे पहले 10 बैंक खातों में ट्रांसफर हुए। इन खातों को फ़र्स्ट लेयर बैंक अकाउंट माना गया। इसके बाद इन बैंक खातों से अन्य कई खातों में राशि ट्रांसफर हुई।

चौकाने वाली बात ये है कि इन 10 खाताधारकों में से केवल 2 को ही गिरफ्तार किया जा सका है। शेष पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। इनमें सबसे बड़ा नाम प्रयागराज निवासी मोहम्मद नदीम खान का है, जिसके खाते में 1.30 करोड़ रुपए ट्रांसफर हुए हैं। बता दें कि सचिन गुप्ता और वरदान सिंह फिलहाल जेल में हैं। सचिन गुप्ता की अब तक तीन जमानत याचिका खारिज हो चुकी हैं। उसे 16 मई 2025 को गिरफ्तार किया गया था।

बता दें कि इस मामले में 15 अप्रैल 2025 को क्राइम ब्रांच में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।

15.19 लाख रुपए जमा करने की शर्त

केस के एक आरोपी गुरमीत सिंह को हाई कोर्ट से जमानत मिल गई है। गुरमीत को 27 अप्रैल 2025 को गिरफ्तार किया गया था। कथित रूप से उसके खाते में ठगी के 15.19 लाख रुपए ट्रांसफर हुए हैं। हाई कोर्ट ने 15 दिन के भीतर 15.19 लाख जमा करने की शर्त पर ही गुरमीत को राहत प्रदान की है।

तीन राज्यों में टीमें गईं, जांच अभी भी जारी

राजस्थान, उप्र और केरल में हमारी टीम आरोपियों की धरपकड़ के लिए गई थी। अब तक 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एक आरोपी मोहम्मद नदीम खान के खिलाफ कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। उसकी संपत्ति की जानकारी जुटाई जा रही है। गुवाहाटी, इम्फाल के बैंक खातों की जानकारी के लिए टीम अभी नहीं जा सकी है। इस केस में अब तक सात लाख रुपए जब्त किए गए हैं और 9 लाख बैंक में होल्ड कराए जा चुके हैं। ये राशि इसलिए कम है क्योंकि ठगी होने के काफी दिन बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज हुई। इस कारण से ठगों को खातों में से राशि निकालने का समय मिल गया। मामले की जांच अभी जारी है। -धर्मेंद्र सिंह कुशवाह, थाना प्रभारी, क्राइम ब्रांच, ग्वालियर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *